शटर काटकर चोरी करने वाले यूपी के बदायूं गिरोह का पर्दाफाश, कट्टा और औजारों के साथ 4 गिरफ्तार

सासाराम के चंदतन पीर पहाड़ के पास से पुलिस ने यूपी के कुख्यात 'बदायूं गिरोह' के 4 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 2 कट्टा, 6 कारतूस और शटर काटने के औजार बरामद।

शटर काटकर चोरी करने वाले यूपी के बदायूं गिरोह का पर्दाफाश, कट्टा और औजारों के साथ 4 गिरफ्तार
योजना बनाते धर दबोचे गए चारो अपराधी
Image Slider
Image Slider
Image Slider

सासाराम। रोहतास जिले की सासाराम मुफस्सिल थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश के कुख्यात 'बदायूं गिरोह' के चार शातिर अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ये अपराधी सासाराम के चंदतन पीर पहाड़ के पास सुनसान इलाके में जमा होकर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार और चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई हाई-टेक औजार बरामद किए हैं।

हथियार और शटर तोड़ने वाले औजार बरामद

पुलिस द्वारा की गई अचानक छापेमारी में पकड़े गए अपराधियों के पास से 2 देशी कट्टा, 6 जिंदा कारतूस, ताला काटने वाले औजार और दुकानों का शटर उखाड़ने वाली विशेष मशीन बरामद हुई है। गिरफ्तार अपराधियों में:

  • रोहित चौहान (कादर थाना, जिला बदायूं, यूपी)
  • ताराचंद चौहान (कादर थाना, जिला बदायूं, यूपी)
  • सुखदेव भाटी (एटवा थाना, जिला औरैया, यूपी)
  • रामस्वरूप भाटी (एटवा थाना, जिला औरैया, यूपी)

मामले का खुलासा करते हुए सासाराम के SDPO-2 संजीव कुमार ने बताया कि यह गैंग मुख्य रूप से बंद पड़े मकानों और दुकानों को निशाना बनाता था। ये शातिर अपराधी देर रात शटर तोड़कर या ताला काटकर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के दौरान अगर गृहस्वामी जाग जाता था, तो ये उन पर जानलेवा हमला करने से भी नहीं कतराते थे।

स्थानीय कनेक्शन भी आया सामने, छापेमारी जारी

SDPO-2 ने आगे बताया कि पुलिस को चंदतन पहाड़ी के पास अपराधियों के जुटने की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर इन्हें दबोच लिया गया। पूछताछ में इस अंतरराज्यीय गिरोह के स्थानीय संपर्कों  का भी पता चला है। पुलिस अब सासाराम में इनके मददगारों को चिन्हित कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।