महज 2 डिसमिल ज़मीन के लिए सगे भाई और भतीजे ने ली जान

पूर्णिया के कृत्यानंद नगर में 2 डिसमिल ज़मीन के विवाद में भाई और भतीजे ने हेम नारायण यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी। SSP से बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

महज 2 डिसमिल ज़मीन के लिए सगे भाई और भतीजे ने ली जान
भाई-भाभी को बेरहमी से पीटा, इलाज के दौरान हेम नारायण यादव की मौत
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले के कृत्यानंद नगर थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां महज 2 डिसमिल जमीन के टुकड़े के लिए सगे भाई और भतीजे ने मिलकर अपने ही भाई हेम नारायण यादव की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने बीच-बचाव करने आई भाभी और परिवार के अन्य सदस्यों को भी नहीं बख्शा और उनकी जमकर पिटाई कर दी।

घटना कृत्यानंद नगर थाना क्षेत्र के झुन्नी कला (वार्ड नंबर 12) की है। मृतक के साले विपिन यादव ने बताया कि 14 जुलाई को गांव में सभी भाइयों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर पंचायत बुलाई गई थी। पंचायती के दौरान ही बात बिगड़ गई और आरोपी भरत यादव, उसका बेटा सोनू, विजय यादव, अनोखी देवी, सोनाली देवी और बुलबुल देवी ने अचानक हमला बोल दिया। इन लोगों ने लाठी-डंडों से हेम नारायण यादव को तब तक पीटा जब तक वे लहूलुहान होकर गिर नहीं पड़े।

गंभीर हालत में हेम नारायण यादव को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी फरार: घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में से एक विजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि फरार आरोपी लगातार उन पर केस वापस लेने और मुकदमा उठाने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने सुरक्षा और बाकी बचे सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को आवेदन देकर इंसाफ की गुहार लगाई है।

इस घटना के बाद से ही इलाके में सनसनी फैली हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।