बक्सर में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो और मिक्सर मशीन ट्रक की टक्कर में 2 की मौत, 3 गंभीर
बिहार के बक्सर जिले में पटना-बक्सर फोरलेन पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े मिक्सर मशीन वाले ट्रक से टकरा गई।
BUXAR: बिहार के बक्सर जिले में पटना-बक्सर फोरलेन पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े मिक्सर मशीन वाले ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो पटना की ओर से बक्सर जा रही थी। इसी दौरान नुआंव गांव के पास सड़क निर्माण कार्य में लगी मिक्सर मशीन वाले ट्रक में उसने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गाड़ी में सवार सभी पांच लोगों के बाबा धाम से पूजा-अर्चना कर लखनऊ लौटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया गया। वहीं, एक घायल का इलाज डुमरांव अस्पताल में जारी है। मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया चल रही है।
डुमरांव के एसडीपीओ भास्कर रंजन के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका है कि चालक को नींद आने के कारण स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खड़े मिक्सर मशीन ट्रक से टकरा गई। हालांकि, हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
गौरतलब है कि बक्सर जिले में सड़क हादसों का आंकड़ा लगातार चिंताजनक बना हुआ है। जनवरी से सितंबर तक जिले में 700 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 112 लोगों की जान चली गई। ताजा हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
pranavpr