'क्या सिर्फ आनंद मोहन ही जाएंगे जेल? बाकी 36 लोगों का क्या होगा', रिहाई रद्द होने पर छलका पूर्व सांसद का दर्द

पूर्व सांसद आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई रद्द होने के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करना होगा

'क्या सिर्फ आनंद मोहन ही जाएंगे जेल? बाकी 36 लोगों का क्या होगा', रिहाई रद्द होने पर छलका पूर्व सांसद का दर्द
Image Slider
Image Slider
Image Slider

SAHARSA: पूर्व सांसद आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई रद्द होने के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करना होगा। इस बीच शुक्रवार को अपने पैतृक गांव बिहरा-पचगछिया पहुंचे आनंद मोहन ने फैसले पर सवाल उठाए। गांव के राम ठाकुर धाम परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे और उनके समर्थन में आवाज उठाई।

आनंद मोहन ने कहा कि जेल मैनुअल में बदलाव सिर्फ उनके लिए नहीं किया गया था। उनके साथ 36 अन्य कैदी भी रिहा हुए थे। उन्होंने सवाल किया कि क्या सिर्फ उन्हें ही दोबारा जेल जाना होगा, जबकि इस नियम का लाभ लेकर हजारों लोग रिहा हो चुके हैं।

उन्होंने कहा, "मेरे साथ 36 लोग छूटे थे और मेरा नंबर 11वां था। आज की तारीख में साढ़े तीन हजार लोग इस नियम का लाभ लेकर बाहर आ चुके हैं। क्या सिर्फ आनंद मोहन को जेल भेजा जाएगा? बाकी लोगों का क्या होगा?"

'एक महीने में पूरे बिहार को बताऊंगा सच'

पूर्व सांसद ने कहा कि वह जेल जाने से पहले पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें अपना पक्ष रखने का पर्याप्त मौका नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि वह साढ़े सोलह साल जेल में रहे हैं और अब एक महीने के भीतर पूरे बिहार और देश को बताएंगे कि उनका गुनाह क्या है।

आनंद मोहन ने जी. कृष्णैया हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि घटना अचानक हुई थी और सुनियोजित नहीं थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि तत्कालीन कानून के अनुसार ही उन्हें सजा मिली थी।

शनिवार को पटना में होगी बैठक

आनंद मोहन ने बताया कि शनिवार को पटना में एक बैठक बुलाई गई है, जिसमें उनके बेटे चेतन आनंद ने लोगों को आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को वह अपने गांव के लोगों का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब आनंद मोहन के अगले कदम और उनके समर्थकों की रणनीति पर सबकी नजरें टिकी हैं।