मुंगेर में 11 लाख 11 हजार 111 दीपों से जगमगाएगा कल्याणपुर, दीपोत्सव में शामिल होंगे CM सम्राट चौधरी

मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड स्थित कल्याणपुर में दीपावली की पूर्व संध्या पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में शनिवार शाम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मुंगेर में 11 लाख 11 हजार 111 दीपों से जगमगाएगा कल्याणपुर, दीपोत्सव में शामिल होंगे CM सम्राट चौधरी
Image Slider
Image Slider
Image Slider

MUNGER: मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड स्थित कल्याणपुर में दीपावली की पूर्व संध्या पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में शनिवार शाम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस बार दीपोत्सव में 11 लाख 11 हजार 111 दीप जलाने का संकल्प लिया गया है। इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित होने से पूरा कल्याणपुर रोशनी से जगमगा उठेगा।

इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजन समिति की ओर से मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों को रंग-बिरंगी लाइटों, झालरों और आकर्षक तोरण द्वारों से सजाया गया है। कार्यक्रम में मुंगेर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

मुख्यमंत्री के आगमन और लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बरियारपुर-कल्याणपुर मार्ग पर रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल और आसपास के संवेदनशील इलाकों में मजिस्ट्रेट, सशस्त्र पुलिस बल और अन्य पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

वहीं, त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस को 24 घंटे सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य दीपोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है।

कल्याणपुर का यह दीपोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक बन गया है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी से इस आयोजन की भव्यता और बढ़ने की उम्मीद है।