मनाली से लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो ट्रेलर में घुसी, हादसे में पती-पत्नी समेत 3 की मौत
बिहार के भोजपुर में एनएच-922 पर भीषण सड़क हादसा। मनाली से लौट रहे देवघर के पति-पत्नी समेत 3 की मौत, स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे। पढ़ें पूरी खबर।
बिहार के भोजपुर जिले में रविवार (5 जुलाई) की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया| हादसा बिहिया थाना क्षेत्र के दोघरा गांव के समीप एनएच-922 पर हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पीछे से ट्रेलर (ट्रक-ट्रॉली) में जा भिड़ी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया|
मृतकों में प्रकाश कुमार और पल्लवी और एक अन्य शामिल हैं| दोनों झारखंड के देवघर के रहने वाले बताए जा रहे हैं| वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक को पहले आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया. चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है|
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में कुल चार लोग सवार थे| सभी लोग मनाली घूमकर नोएडा लौटे थे और वहां से अपने घर देवघर जा रहे थे| रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे जब उनकी गाड़ी बिहिया थाना क्षेत्र के दोघरा गांव के पास राही होटल के समीप पहुंची, तभी आगे चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो
गाड़ी का दरवाजा काटकर बाहर निकाला दोनों लोगों का शव
हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वाहन में फंसे लोगों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. दो शवों को गाड़ी का दरवाजा काटकर बाहर निकाला गया| हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय ग्रामीण मुन्ना राय ने बताया कि स्कॉर्पियो काफी तेज रफ्तार में थी और पीछे से ट्रेलर में जा घुसी|
उन्होंने बताया कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया| उनके अनुसार मृतकों में पति-पत्नी शामिल हैं| उन्होंने यह भी बताया कि मृतक युवक नोएडा में इंजीनियर के रूप में कार्यरत था और परिवार के साथ छुट्टी बिताकर घर लौट रहा था| ग्रामीण ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन से कई मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य सामान बरामद हुए हैं| मोबाइल पर लगातार परिजनों के फोन आने के बाद उन्हें हादसे की सूचना दी गई. बताया जा रहा है कि मृतकों का पैतृक घर देवघर में है, जबकि उनके कुछ रिश्तेदार सोनपुर और रांची में रहते हैं|
सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस और ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया| दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात भी सामान्य कराया गया|
ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि स्कॉर्पियो चालक को झपकी आ गई होगी या वाहन अधिक रफ्तार में था, जिसके कारण वह आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गया| उन्होंने बताया कि स्कॉर्पियो नोएडा से देवघर जा रही थी| हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति का इलाज जारी है. परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी|