पटना में गृह प्रवेश में गया परिवार, पीछे से पुराने घर में 75 लाख की चोरी, 250 ग्राम सोना और 5 लाख कैश ले उड़े चोर

बिहार के मनेर में चोरों ने एक स्वर्ण व्यवसायी के बंद घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। मनेर थाना क्षेत्र की टाटा कॉलोनी में चोरों ने तीन कमरों के ताले तोड़कर करीब 250 ग्राम सोना, लगभग 10 तोला सोने के आभूषण और पांच लाख रुपये नकद चोरी कर लिए।

पटना में गृह प्रवेश में गया परिवार, पीछे से पुराने घर में 75 लाख की चोरी, 250 ग्राम सोना और 5 लाख कैश ले उड़े चोर
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: बिहार के मनेर में चोरों ने एक स्वर्ण व्यवसायी के बंद घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। मनेर थाना क्षेत्र की टाटा कॉलोनी में चोरों ने तीन कमरों के ताले तोड़कर करीब 250 ग्राम सोना, लगभग 10 तोला सोने के आभूषण और पांच लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य नए मकान के गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने गए थे।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित धर्मेंद्र कुमार सोनी और उनके भाई जितेंद्र कुमार सोनी मनेर में स्वर्ण व्यवसाय से जुड़े हैं। धर्मेंद्र आभूषण बनाने का काम करते हैं, जबकि जितेंद्र मनेर बस्ती रोड में शगुन ज्वेलर्स नाम से दुकान चलाते हैं। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे परिवार के सदस्य पुराने घर में ताला लगाकर गांधी हाट स्थित नए मकान में गृह प्रवेश पूजा में शामिल होने चले गए थे।

रात करीब 11 बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर के अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। तीन कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोना, आभूषण और नकदी गायब मिले।

कारोबारियों का सोना भी ले गए चोर

धर्मेंद्र कुमार सोनी ने बताया कि चोरी हुआ करीब 250 ग्राम सोना अलग-अलग स्वर्ण कारोबारियों ने आभूषण तैयार कराने के लिए दिया था। इसके अलावा परिवार के सोने के गहने और पांच लाख रुपये नकद भी चोर ले गए। इस घटना के बाद स्थानीय स्वर्ण कारोबारियों में चिंता का माहौल है।

एफएसएल टीम करेगी जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद मनेर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस आसपास के हालात की जांच कर रही है और चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।