CM सम्राट चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना कीं 48 पुलिस बसें, 30 चार पहिया वाहन और 6 एम्बुलेंस...

बिहार पुलिस को हाईटेक बनाने के लिए CM सम्राट चौधरी ने 48 पुलिस बसें, 30 चार पहिया वाहन और 6 एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाई। जानें इस कदम से कैसे बदलेगी बिहार की कानून-व्यवस्था।

CM सम्राट चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना कीं 48  पुलिस बसें, 30 चार पहिया वाहन और 6 एम्बुलेंस...
CM सम्राट चौधरी ने दिखाई नए पुलिस वाहनों को हरी झंडी
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना, बिहार में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत और हाईटेक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने आज एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज राजधानी पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय के 'संवाद' भवन के सामने से बिहार पुलिस के नए वाहनों के बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस नए बेड़े में पुलिस बल की गतिशीलता बढ़ाने के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बसों, चार पहिया वाहनों और जीवन रक्षक एम्बुलेंस को शामिल किया गया है।वाहनों को रवाना करने से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वरिष्ठ अधिकारियों से इन गाड़ियों की कार्यप्रणाली और तकनीकी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा: "राज्य सरकार बिहार की कानून-व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस बल को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करना हमारी प्राथमिकता है। इन नए वाहनों के आने से पुलिस की रिस्पॉन्स टाइम बेहतर होगी, गश्ती व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी, जिससे आम जनता खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर सकेगी।"

मुख्यमंत्री ने साफ किया कि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस अब और अधिक फुर्ती के साथ काम कर पाएगी, जिससे अपराधियों में खौफ और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ेगा।

कार्यक्रम में मौजूद रहे राज्य के आला अधिकारी

कार्यक्रम की शुरुआत में पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को एक हरित पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह और गृह विभाग के सचिव कुंदन कुमार भी मौजूद रहे। इसके अलावा पुलिस महानिदेशक (निगरानी) जे०एस० गंगवार और पुलिस महानिदेशक (अभियान) कुंदन कृष्णन समेत गृह विभाग और बिहार पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।