पटना में मोमोज दुकानों पर खाद्य विभाग की छापेमारी, 22 किलो सड़ा चिकन मिला; वाउ मोमो में 21 लीटर जला तेल नष्ट
बिहार की राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने मंगलवार को कई मोमोज प्रतिष्ठानों में छापेमारी की। इस दौरान कांटी फैक्ट्री स्थित ‘द मोमोज कैफे’ में 22 किलो सड़ा हुआ चिकन मिला, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया।
Patna News: बिहार की राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने मंगलवार को कई मोमोज प्रतिष्ठानों में छापेमारी की। इस दौरान कांटी फैक्ट्री स्थित ‘द मोमोज कैफे’ में 22 किलो सड़ा हुआ चिकन मिला, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। वहीं, सिटी सेंटर मॉल स्थित ‘वाउ मोमो एंड वाउ चाइना’ में 21 लीटर जला हुआ खाद्य तेल बरामद हुआ, जिसे भी नष्ट किया गया।
द मोमोज कैफे में मिली कई गड़बड़ियां
खाद्य सुरक्षा टीम ने कांटी फैक्ट्री स्थित द मोमोज कैफे का निरीक्षण किया। जांच के दौरान किचन में गंदगी और साफ-सफाई की कमी पाई गई। प्रतिष्ठान में 22 किलो सड़ा चिकन मिलने के अलावा वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक साथ रखी गई थी। डीप फ्रीजर भी गंदा मिला और उसमें तापमान प्रदर्शित नहीं किया गया था।
दुकान में लाइसेंस की प्रति प्रदर्शित नहीं थी। खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि का भी उल्लेख नहीं मिला। इन अनियमितताओं को देखते हुए खाद्य संरक्षा अधिकारी ने कैफे का लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की है।
सिटी मोमो सेंटर में बिना लाइसेंस हो रहा था कारोबार
पटना सिटी के भोगलपुरा स्थित सिटी मोमो सेंटर में भी जांच के दौरान कई कमियां सामने आईं। प्रतिष्ठान बिना वैध लाइसेंस के संचालित पाया गया। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं थे। इसके अलावा वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक साथ तैयार की जा रही थी।
विभाग ने संचालक को सात दिनों के भीतर वैध लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया है। तब तक मोमोज का निर्माण और बिक्री बंद करा दी गई है।
वाउ मोमो में 21 लीटर जला तेल नष्ट
लोदीपुर स्थित सिटी सेंटर मॉल की तीसरी मंजिल पर संचालित वाउ मोमो एंड वाउ चाइना में भी खाद्य सुरक्षा टीम ने निरीक्षण किया। यहां जले हुए खाद्य तेल का बार-बार इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। टीम ने मौके पर 21 लीटर जला तेल नष्ट कराया। साथ ही इंडो चिली सॉस बेस का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
प्रतिष्ठान में स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली। विभाग ने सुधार नोटिस जारी कर 14 दिनों के भीतर सभी कमियां दूर करने का निर्देश दिया है। इसके बाद 15वें दिन अनुपालन रिपोर्ट जमा करनी होगी।
खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
खाद्य संरक्षा इकाई ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। समय सीमा के भीतर कमियां दूर नहीं करने पर लाइसेंस निलंबित करने और जरूरत पड़ने पर रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
विभाग का कहना है कि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए आगे भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच जारी रहेगी।
pranavpr