पटना के गर्ल्स हॉस्टल में लगी भीषण आग, कमरे में फंसी थीं 3 छात्राएं; 60 लड़कियों को सुरक्षित निकाला गया

बिहार की राजधानी पटना में बुधवार सुबह गर्ल्स हॉस्टल में आग लगने से अफरातफरी मच गई। गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के अलीनगर स्थित रहमानी-30 गर्ल्स हॉस्टल के एक कमरे में अचानक आग की लपटें उठने लगीं।

पटना के गर्ल्स हॉस्टल में लगी भीषण आग, कमरे में फंसी थीं 3 छात्राएं; 60 लड़कियों को सुरक्षित निकाला गया
Image Slider
Image Slider
Image Slider

Patna News: बिहार की राजधानी पटना में बुधवार सुबह गर्ल्स हॉस्टल में आग लगने से अफरातफरी मच गई। गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के अलीनगर स्थित रहमानी-30 गर्ल्स हॉस्टल के एक कमरे में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। घटना के समय कमरे में तीन छात्राएं मौजूद थीं। आग और धुएं के कारण छात्राएं घबरा गईं और मदद के लिए शोर मचाने लगीं। हालांकि, समय रहते हॉस्टल कर्मचारियों और दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।

बिजली बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हॉस्टल के कमरे में लगे बिजली बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी निकली। इसके बाद आग की चपेट में मच्छरदानी आ गई। देखते ही देखते आग बिस्तर तक पहुंच गई और पूरे कमरे में धुआं फैलने लगा। कमरे में मौजूद तीनों छात्राएं घबरा गईं और मदद के लिए आवाज लगाने लगीं।

दमकल की टीम ने बुझाई आग, 60 छात्राएं सुरक्षित

छात्राओं की आवाज सुनकर हॉस्टल की अन्य लड़कियां और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर दमकल की एक गाड़ी हॉस्टल पहुंची और अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।

एहतियात के तौर पर हॉस्टल में रहने वाली सभी 60 छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद कुछ देर तक हॉस्टल परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा।

आग से बचाव की ट्रेनिंग आई काम

हॉस्टल प्रभारी अतुल कुमार के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही छात्राओं को आग से बचाव और आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया था। घटना के दौरान छात्राओं ने सूझबूझ दिखाई और तत्काल हॉस्टल कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी।

उनके अनुसार, सूचना मिलने के करीब आधे घंटे के भीतर दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई। आग की वजह से कमरे में रखी मच्छरदानी, बेड और कुछ अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, सभी छात्राओं के सुरक्षित रहने से बड़ी घटना टल गई।

फिलहाल शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।