Bihar IPS Transfer: खगड़िया SP पद से हटाए गए IPS भानु प्रताप सिंह, किसको मिली जिम्मेदारी..?
बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए कई आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। गृह विभाग की ओर से बुधवार शाम जारी अधिसूचना के अनुसार, खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह को पद से हटा दिया गया है।
Bihar IPS Transfer: बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए कई आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। गृह विभाग की ओर से बुधवार शाम जारी अधिसूचना के अनुसार, खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह को पद से हटा दिया गया है। उन्हें बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना भेजा गया है। फिलहाल उन्हें कोई नई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है।
सीएम आवास के बाहर धरना दे चुकी है पत्नी
भानु प्रताप सिंह पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक विवाद को लेकर सुर्खियों में थे। उनकी पत्नी पूजा कुमारी ने उन पर प्रताड़ित करने और जबरन तलाकनामे पर हस्ताक्षर कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया था। पत्नी ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना देने के साथ महिला थाना और महिला आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी बेटी से नहीं मिलने देने का भी आरोप लगाया है।
मोहिबुल्लाह अंसारी शिवहर के नए एसपी
भानु प्रताप सिंह की जगह 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी शैलेंद्र सिंह को खगड़िया का नया एसपी बनाया गया है। इससे पहले वह शिवहर के एसपी के पद पर तैनात थे। वहीं, मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी को शिवहर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी अपराजीत को लोकभवन में राज्यपाल का नया एडीसी (पुलिस) बनाया गया है। वहीं, बिहार पुलिस सेवा के अधिकारी राज किशोर सिंह को छपरा का नया सिटी एसपी नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह पटना में सदर एसडीपीओ-1 के पद पर कार्यरत थे।
ममता कल्याणी को अतिरिक्त जिम्मेदारी
वहीं, प्रमोटेड आईपीएस अधिकारी कुमारी ममता कल्याणी को बीसैप-16 का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह फिलहाल बीसैप-10 की समादेष्टा हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल को बिहार पुलिस महकमे में अहम बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
pranavpr