बिहार पुलिस में 19838 सिपाही की होगी बहाली, इस तारीख तक ऐसे करें आवेदन
बिहार में विधानसभा चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध नीतीश सरकार लगातार वैकेंसी निकाल रही है। अब एक बार फिर सिपाही के 19 हजार से अधिक पदों पर बहाली के लिए वैकेंसी निकाली गई है।

Patna : बिहार में विधानसभा चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध नीतीश सरकार लगातार वैकेंसी निकाल रही है। अब एक बार फिर सिपाही के 19 हजार से अधिक पदों पर बहाली के लिए वैकेंसी निकाली गई है। केंद्रीय चयन पर्षद बिहार पुलिस में सिपाही के 19 हजार 838 पदों पर बहाली करने जा रही है। केंद्रीय चयन पर्षद ने बिहार पुलिस में सिपाही के 19 हजार 838 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है।
जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार पुलिस और बिहार विशेष सशस्त्र बल में कुल 19 हजार 838 पदों पर बहाली की जानी है। अपर पुलिस महानिदेशक सह अध्यक्ष केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) जितेंद्र कुमार ने बताया कि 19 हजार 838 पदों पर वेतनमान लेवल-3 में बहाली होगी।
इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 18 मार्च से शुरू होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 18 अप्रैल निर्धारित की गई है। कुल 19 हजार 838 पदों में सामान्य वर्ग के लिए 7935 पद है, जिसमें महिलाओं के लिए 2777 पद आरक्षित किए गए हैं। इसी प्रकार आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) वर्ग के अभ्यर्थी के लिए 1983 पदों में 694 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। अनुसूचित जाति (एससी) के 3174 पदों में 1111 पद महिलाओं के आरक्षित हैं। इसी प्रकार अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए 199 पद हैं, जिसमें 70 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
अत्यंत पिछड़ा वर्ग लिए कुल 3571 पद हैं, जिसमें 1250 पद महिलाओं के लिए आरक्षित है। वहीं, पिछड़ा वर्ग के लिए 2381 पद आरक्षित हैं, जिसमें 815 पद पर महिलाओं की बहाली होगी। इनमें 53 पद ट्रांसजेंडर के लिए हैं। इसी प्रकार बीसीडब्ल्यू के लिए 595 पद हैं। केंद्रीय चयन पर्षद की ओर से मिली जानकारी के अनुसार इससे संबंधित पाठ्यक्रम https://csbc.bihar.gov. in पर देखा जा सकता है। अभ्यर्थियों को सुझाव दिया गया है कि वे अभी से ही परीक्षा की तैयारी में जुट जाएं। जल्द ही लिखित और शारीरिक परीक्षा की भी तिथि घोषित की जाएगी।