पटना में शादी की सजावट कर रहे युवक की चौथी मंजिल से गिरकर मौत, मचा अफरा तफरी, पिता ने जताई हत्या की आशंका

पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में एक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

पटना में शादी की सजावट कर रहे युवक की चौथी मंजिल से गिरकर मौत, मचा अफरा तफरी, पिता ने जताई हत्या की आशंका
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना/बिहार: राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में एक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना रविवार शाम पूर्वी इंदिरा नगर रोड नंबर-4 स्थित नूतन होम हरिश्चंद्र अपार्टमेंट की है। मृतक की पहचान गया जिले के वजीरगंज निवासी अजय शर्मा के पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। युवक की मौत के बाद परिजनों ने इसे सामान्य हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।

शादी समारोह के लिए कर रहा था सजावट

मिली जानकारी के अनुसार, सोनू कुमार अपने परिवार के साथ पटना के कंकड़बाग इलाके में किराये के मकान में रहता था। वह शादी-विवाह में डीजे और सजावट का काम करने वाले एक ठेकेदार के साथ काम करता था। रविवार की शाम करीब छह बजे वह पूर्वी इंदिरा नगर स्थित अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर शादी समारोह के लिए सजावट कर रहा था। इसी दौरान रंगीन झालर लगाने के क्रम में वह नीचे गिर गया।

मौके पर ही हुई युवक की मौत

चौथी मंजिल से युवक के गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक सोनू की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पिता ने डीजे ठेकेदार पर लगाया हत्या का आरोप

इस घटना को लेकर मृतक के पिता अजय शर्मा ने पुलिस को लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके बेटे को छत से धक्का देकर नीचे गिराया गया है। पिता ने डीजे ठेकेदार पर हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

वहीं, कंकड़बाग थाने की पुलिस परिजनों के आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना के समय वहां मौजूद लोगों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिल सके। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

 

फिलहाल, सोनू कुमार की मौत के मामले में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।