दिल्ली: गैंगवार की गोलियों का शिकार बना 6 साल का मासूम, ट्यूशन से लौटते वक्त लगी गोली; पुलिस मुठभेड़ में 2 आरोपी गिरफ्तार
राजधानी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में सोमवार शाम गैंगवार के दौरान हुई अंधाधुंध फायरिंग में ट्यूशन से घर लौट रहा 6 वर्षीय मासूम गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में सोमवार शाम गैंगवार के दौरान हुई अंधाधुंध फायरिंग में ट्यूशन से घर लौट रहा 6 वर्षीय मासूम गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।क्या है पूरा मामला?
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, घटना न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र के करतार नगर स्थित चौथा पुश्ता रोड नंबर-4 की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन हथियारबंद बदमाशों ने कैटरिंग का काम करने वाले धर्मेंद्र (43) के घर के बाहर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हमला दो आपराधिक गुटों के बीच पुरानी रंजिश का नतीजा था।
फायरिंग के दौरान करीब 5 से 7 राउंड गोलियां चलाई गईं। इसी बीच ट्यूशन से घर लौट रहा 6 वर्षीय अवि गोलीबारी की चपेट में आ गया। एक गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोलियों की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
अस्पताल में भर्ती मासूम
स्थानीय लोगों ने घायल बच्चे को तुरंत जग प्रवेश चंद्र (JPC) अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे GTB अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई, जिसके बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रांकुर (29) और हर्ष (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध देसी राइफल भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल फायरिंग में किए जाने की आशंका है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में शामिल तीसरे फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है।