भरत तिवारी की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब: "भरत तिवारी अमर रहें के गूंजे नारे", लोगों ने अर्पित की श्रद्धांजलि।
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में मोतिहारी में सैकड़ों लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।
Patna: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर विरोध-प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय ब्राह्मण संघ के बैनर तले मोतिहारी में सैकड़ों लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान पहुंचा, जहां लोगों ने भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और "भरत तिवारी अमर रहें" के नारे लगाए।
कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि भरत तिवारी देशभक्ति की भावना के साथ समाज के लिए बेहतर कार्य करना चाहते थे। उन्होंने अपने क्षेत्र में बाढ़ की समस्या को लेकर कई बार सरकार और प्रशासन को पत्र लिखकर ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भरत तिवारी ने पुलिस के समक्ष हथियार डाल दिए थे, इसके बावजूद उनका फर्जी एनकाउंटर किया गया। लोगों ने इसे एनकाउंटर नहीं बल्कि हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक भरत तिवारी को न्याय नहीं मिलता, तब तक युवाओं का आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के लोग मौजूद रहे। बिहार के भोजपुर (आरा) में भरत भूषण तिवारी की अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ा। एक अनोखी श्रद्धांजलि भरत तिवारी के गांव बिलौटी में भी देखने को मिली जहा उनके घर के सामने हाईवे किनारे एक पेड़ लगाया गया, जो अब हर गुजरते राहगीर को उनकी याद दिलाएगा। पटना से NBC 24 के लिए अंकित कुमार की रिपोर्ट।