रेड के दौरान छत से कूदने पर गांजा तस्कर का हाथ टूटा, सदर अस्पताल में भर्ती

सासाराम के कोचस में 5 क्विंटल गांजा तस्करी के आरोपी कृष्णकांत साह ने पुलिस रेड के दौरान छत से छलांग लगा दी। हाथ टूटने पर पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में इलाज जारी। पढ़ें पूरी खबर।

रेड के दौरान छत से कूदने पर गांजा तस्कर का हाथ टूटा, सदर अस्पताल में भर्ती
छत से कूदने के कारण गंभीर रूप से घायल
Image Slider
Image Slider
Image Slider

सासाराम: बिहार के रोहतास जिले स्थित कोचस थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम को देखते ही हड़कंप मच गया। डेहरी नगर थाना क्षेत्र में 5 क्विंटल (500 किग्रा) गांजा तस्करी के केस में वांछित आरोपी कृष्णकांत साह पुलिस को देखते ही भागने की नीयत से अपने घर की छत से नीचे कूद गया। छत से कूदने के कारण उसका हाथ टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, डेहरी नगर थाना कांड संख्या 271/2026 में 5 क्विंटल गांजा की बड़ी खेप की तस्करी के मामले में कृष्णकांत साह नामजद आरोपी है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके कोचस स्थित ठिकाने पर छापामारी की थी। जब पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की, तो कृष्णकांत साह ने चकमा देकर भागने की कोशिश की और सीधे अपने घर की छत से छलांग लगा दी। नीचे गिरते ही उसका हाथ टूट गया और उसे गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है इलाज

मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया था। चोट गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सासाराम के सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल आरोपी पुलिस अभिरक्षा में है और सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। इलाज पूरा होते ही उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।