गोपालगंज सिविल कोर्ट के मुंशी की गोली मारकर हत्या, कोर्ट जाते समय अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम

गोपालगंज में सिविल कोर्ट के मुंशी की ही अपराधियों ने कनपट्टी पर बंदूक सटाकर गोली मार दी है। दिनदहाड़े बीच-बाजार हुई हत्या से इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है

गोपालगंज सिविल कोर्ट के मुंशी की गोली मारकर हत्या, कोर्ट जाते समय अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम

GOPALGANJ: बिहार में पुलिस-प्रशासन के सिर पर अपराधी तांडव मचा रहे हैं। ऐसा कहना गलत नहीं होगी की बिहार में जंगलराज नहीं इस बार गुंडाराज की वापसी हुई है। ताजा मामला बिहार को गोपालगंज की है, जहां सिविल कोर्ट के मुंशी की ही अपराधियों ने कनपट्टी पर बंदूक सटाकर गोली मार दी है। दिनदहाड़े बीच-बाजार हुई हत्या से इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है। घटना के वक्त मुंशी रोजाना की तरह कोर्ट जा रहे थे। घटना गोपालगंज नगर थाना इलाके के ब्रह्म चौक के पास सुबह साढ़े 10 की है।

मृतक की पहचान सुजीत कुमार उम्र 35 साल के रूप में हुई है। वह सिविल कोर्ट में ताईद यानी मुंशी का काम करते थे। रोजाना की तरह वे सुबह अपने घर से कोर्ट के लिए निकले। इस दौरान बाइक पर सवार होकर दो अपराधी आए और ब्रह्म चौक के पास उन्हें गोली मार दी।

गोली लगने के बाद सुजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। मगर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हत्या की वजह पुरानी दुश्मनी है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने सदर थाना के एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।