कोईलवर सड़क हादसा: बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, काजीचक गांव में मातम

भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र स्थित कपिल देव चौक के पास अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल सवार बुजुर्ग मो. नैईम (64) को रौंदा। हादसे में मौके पर ही दर्दनाक मौत। पढ़ें पूरी खबर।

कोईलवर सड़क हादसा: बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, काजीचक गांव में मातम
सिलेंडर में गैस भरवाने जा रहे बुजुर्ग मजदूर को ट्रक ने रौंदा
Image Slider
Image Slider
Image Slider

कोईलवर (भोजपुर): बिहार के भोजपुर जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोईलवर थाना क्षेत्र के कपिल देव चौक के पास मंगलवार दोपहर एक बेकाबू ट्रक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मौका पाकर ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मृतक की पहचान कोईलवर थाना क्षेत्र के काजीचक गांव निवासी मो. इशुफ अंसारी के 64 वर्षीय पुत्र मोहम्मद नैईम के रूप में हुई है। मो. नैईम पेशे से मजदूर थे। परिजनों के अनुसार, मंगलवार दोपहर वह साइकिल पर घरेलू सिलेंडर लादकर गैस भरवाने के लिए कपिल देव चौक की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह कपिल देव चौक के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया।

हादसा इतना भीषण था कि मो. नैईम की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसका फायदा उठाकर चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद मृतक के काजीचक स्थित घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।