पोखर में डूबने से व्यक्ति की मौत, परिजनों में कोहराम
पूर्णिया के कसबा थाना क्षेत्र में पोखर में गिरकर डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक सुखारू ठाकुर घर के अकेले कमाऊ सदस्य थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले के कसबा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ एक पोखर में डूबने से एक व्यक्ति की असमय मौत हो गई। मृतक की पहचान बिशनपुर वार्ड नंबर-3 के रहने वाले सुखारू ठाकुर के रूप में हुई है। सुखारू अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिनकी अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुखारू ठाकुर पेशे से नाई थे और रोज की तरह पास के गांव जिंदापुर में घर-घर जाकर अपना काम निपटा रहे थे। देर शाम काम खत्म करने के बाद वे अपने घर बिशनपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बने एक पोखर के पास उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में जा गिरे।
राहगीर की पड़ी नज़र, परिजनों को दी सूचना:
घटना के वक्त आसपास किसी के मौजूद न होने के कारण सुखारू को समय पर मदद नहीं मिल सकी और पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। कुछ देर बाद वहाँ से गुजर रहे एक राहगीर ने पोखर में शव तैरता देखा और तुरंत इसकी जानकारी उनके परिजनों को दी। खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना तुरंत कसबा थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने शव को पोखर से बाहर निकाला और कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
घर के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार में समस्या और बढ़ गयी है:
सुखारू ठाकुर ही अपने परिवार का पेट भरते थे। उनकी असमय मौत के बाद पत्नी और छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। रोते-बिलखते हुए उनकी पत्नी ने बताया कि वे रोज की तरह सुबह काम पर निकले थे, लेकिन शाम को उनके न रहने की खबर आई। इस घटना के बाद से पूरे बिशनपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।