यश माहेश्वरी की तलाश में जयपुर-दिल्ली में पटना पुलिस की छापेमारी, छठ पर महिलाओं के सिंदूर को लेकर की थी विवादित टिप्पणी

बिहार की महिलाओं और छठ पूजा में सिंदूर लगाने की परंपरा पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले कॉमेडियन यश माहेश्वरी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पटना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है..

यश माहेश्वरी की तलाश में जयपुर-दिल्ली में पटना पुलिस की छापेमारी, छठ पर महिलाओं के सिंदूर को लेकर की थी विवादित टिप्पणी
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: बिहार की महिलाओं और छठ पूजा में सिंदूर लगाने की परंपरा पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले कॉमेडियन यश माहेश्वरी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पटना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पटना साइबर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जयपुर और दिल्ली में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह दोनों जगहों पर नहीं मिला। अब पुलिस तकनीकी जांच के जरिए उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। वहीं, आरोपी को गिरफ्तार कर पटना लाने की तैयारी भी की जा रही है।

जयपुर और दिल्ली में पुलिस की छापेमारी

जानकारी के मुताबिक, यश माहेश्वरी राजस्थान के जयपुर का रहने वाला है और पिछले कुछ वर्षों से दिल्ली में रहकर दिल्ली-एनसीआर में स्टैंडअप कॉमेडी शो करता है। विवादित टिप्पणी के बाद से ही वह पुलिस की तलाश में है। बताया जा रहा है कि उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पुलिस ने उसके परिजनों से भी पूछताछ की, लेकिन उन्हें उसके ठिकाने की जानकारी नहीं मिली।

पटना पुलिस अब तकनीकी सर्विलांस और अन्य माध्यमों से उसकी तलाश कर रही है। साथ ही उसके सोशल मीडिया से जुड़े संपर्कों और संभावित ठिकानों पर भी नजर रखी जा रही है।

दिल्ली के कॉमेडी शो में की थी विवादित टिप्पणी

बताया जाता है कि दक्षिण दिल्ली में आयोजित एक स्टैंडअप कॉमेडी शो के दौरान यश माहेश्वरी ने छठ पूजा में महिलाओं के लंबे सिंदूर लगाने की परंपरा और बिहार की महिलाओं को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया। कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने इसका विरोध किया।

पटना से दिल्ली तक दर्ज हुई शिकायतें

इस मामले में पटना साइबर थाने में आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से कोतवाली थाने में भी शिकायत दी गई है। इसके अलावा गांधी मैदान समेत अन्य थानों में भी शिकायतें मिलने की बात सामने आई है। वहीं, दक्षिण दिल्ली के साकेत थाने में भी कॉमेडियन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

फिलहाल पटना पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस का अगला कदम उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे हिरासत में लेने का होगा।