ब्रेड लदी पिकअप से निकली शराब! 522 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त

पश्चिम चंपारण में सेल टैक्स द्वारा जब्त टोस्ट ब्रेड लदी पिकअप से 522 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। चौतारवा पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 5 लाख की शराब जब्त, आरोपी फरार।

ब्रेड लदी पिकअप से निकली शराब! 522 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त
सेल टैक्स की जब्त पिकअप से मिली 5 लाख की अंग्रेजी शराब, 522 लीटर स्टॉक बरामद
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पश्चिम चंपारण। बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर रोज नए-नए जुगाड़ अपना रहे हैं। ताजा मामला पश्चिम चंपारण से सामने आया है, जहाँ टोस्ट ब्रेड लादकर ले जाई जा रही एक पिकअप गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। उत्पाद विभाग और चौतारवा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 522 लीटर शराब जब्त हुई है, जिसकी बाजार में कीमत 5 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, बांसी-धनहा-चौतारवा मार्ग पर रोहुआ नाला के पास सेल टैक्स विभाग की टीम सघन वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान टोस्ट ब्रेड से लदी एक ओवरलोड मैजिक पिकअप को रोका गया। टैक्स गड़बड़ी और ओवरलोडिंग के संदेह पर अधिकारियों ने गाड़ी को जब्त कर चौतारवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

वाहन जब थाने में खड़ा था, तभी उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली कि गाड़ी में ब्रेड के कार्टन के पीछे शराब का बड़ा जखीरा छिपाया गया है। सूचना मिलते ही बगहा-1 के अंचलाधिकारी (CO) रवि भूषण गौरव को दंडाधिकारी नियुक्त किया गया। उनकी उपस्थिति में जब गाड़ी की गहराई से तलाशी ली गई, तो पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए।

70 कार्टन में बीयर और प्रीमियम ब्रांड्स

तलाशी के दौरान पिकअप से कुल 70 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड और बीयर जैसे कई नामी ब्रांड्स शामिल हैं। पूरी खेप 522 लीटर की है, जिसकी कीमत 5 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। मामले में चौतारवा थाना पुलिस ने मझौवा सर्किल निवासी वाहन चालक एवं मालिक अनिल कुमार साह के खिलाफ कांड संख्या 274/26 दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है।

पुलिस का कहना है कि संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।