NDA में शामिल होगी शरद पवार की पार्टी? सुप्रिया सुले को मोदी कैबिनेट में मिल सकती है जगह, दो तिहाई बहुमत के करीब सरकार!
केंद्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। शरद पवार की पार्टी एनसीपी-एसपी के एनडीए में शामिल होने की चर्चा ने सियासी हलचल बढ़ा दी है।
NEW DELHI: केंद्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। शरद पवार की पार्टी एनसीपी-एसपी के एनडीए में शामिल होने की चर्चा ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि पार्टी परिसीमन विधेयक का समर्थन कर सकती है। इतना ही नहीं, आने वाले समय में एनडीए में शामिल होने के साथ सुप्रिया सुले को मोदी कैबिनेट में मंत्री पद भी मिल सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
NDA का कुनबा बढ़ने की अटकलें
एनसीपी-एसपी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले और शरद पवार लंबे समय से केंद्र सरकार के विरोधी खेमे में रहे हैं। ऐसे में पार्टी के एनडीए के करीब आने की खबरें काफी अहम मानी जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुप्रिया सुले को केंद्र में कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है।
वहीं, महाराष्ट्र की राजनीति में भी एनसीपी-एसपी को हिस्सेदारी मिलने की चर्चा है। इसके तहत जयंत पाटिल को वित्त मंत्रालय और जितेंद्र आव्हाड को कैबिनेट में जगह मिलने की अटकलें हैं। पार्टी के दो अन्य नेताओं को भी राज्य मंत्री बनाया जा सकता है।
परिसीमन बिल पर विपक्षी दलों का समर्थन
परिसीमन विधेयक को लेकर भी केंद्र सरकार को कुछ विपक्षी दलों का समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके ने विधेयक के समर्थन का ऐलान किया है। वहीं, एनसीपी-एसपी के रुख को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।
दो तिहाई बहुमत के करीब NDA?
2024 के लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा को अपने दम पर बहुमत नहीं मिला था और एनडीए के सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार बनी थी। अप्रैल में परिसीमन विधेयक को संसद में आवश्यक दो तिहाई बहुमत नहीं मिल पाया था। इसके पक्ष में 298 वोट पड़े थे।
अब नए राजनीतिक समीकरणों और संभावित समर्थन को देखते हुए सरकार की ताकत बढ़ने की चर्चा है। हालांकि, एनसीपी-एसपी के एनडीए में शामिल होने और सुप्रिया सुले को मंत्री बनाए जाने की अटकलों पर अंतिम तस्वीर आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।
pranavpr