आनंद मोहन की जेल वापसी पर अनंत सिंह का बड़ा हमला, किसे ठहराया जिम्मेदार?
पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द होने और दोबारा जेल जाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। अब मोकामा विधायक अनंत सिंह ने भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है।
PATNA: पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द होने और दोबारा जेल जाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। अब मोकामा विधायक अनंत सिंह ने भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आनंद मोहन की रिहाई रद्द किए जाने को गलत बताते हुए कहा कि जिन लोगों ने उन्हें जेल से बाहर निकाला, वही अब दोबारा जेल भेज रहे हैं।
अनंत सिंह बोले- जरूरत थी तो बाहर निकाला, अब वापस भेज रहे
बेटी की शादी संपन्न होने के बाद मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने आनंद मोहन के मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आनंद मोहन को बोलने की सजा दी गई है। अनंत सिंह के मुताबिक, पहले सरकार ने उन्हें रिहा किया और अब उनकी रिहाई का आदेश रद्द कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, "उहे निकाले, उहे हेला रहे हैं। जरूरत थी तो निकालकर लाए और जरूरत खत्म हो गई तो वापस जेल भेज रहे हैं।"
अनंत सिंह ने यह भी कहा कि नेताओं की गलतियों से ही जनता का सरकार से मोहभंग होता है और सत्ता परिवर्तन की स्थिति बनती है।
4 दिसंबर को कोर्ट में सरेंडर करेंगे अनंत सिंह
बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने बताया कि वह 4 दिसंबर को कोर्ट में सरेंडर कर जेल जाने की तैयारी कर चुके हैं। गौरतलब है कि 25 नवंबर को वह आनंद मोहन और उनके बेटे चेतन आनंद के साथ अपनी बेटी की शादी में शामिल हुए थे।
आनंद मोहन निकालेंगे न्याय यात्रा
उधर, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आनंद मोहन ने न्याय यात्रा निकालने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह अपने गांव से इस यात्रा की शुरुआत करेंगे और बिहार के अलग-अलग इलाकों में जाकर जनता को पूरे मामले की जानकारी देंगे।
कैसे रद्द हुई आनंद मोहन की रिहाई?
दरअसल, अप्रैल 2023 में बिहार सरकार ने जेल मैनुअल में संशोधन किया था, जिसके बाद जी. कृष्णैया हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे आनंद मोहन को समयपूर्व रिहाई मिली थी। वह 24 अप्रैल 2023 को सहरसा जेल से बाहर आए थे।
हालांकि, जी. कृष्णैया की पत्नी उमा देवी ने सरकार के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सुनवाई के बाद 26 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने रिहाई के आदेश को रद्द करते हुए आनंद मोहन को एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया। इसी फैसले के बाद बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
pranavpr