अररिया में मासूम की मौत के बाद बवाल, भीड़ ने पुलिस की डायल 112 जीप समेत 3 गाड़ियां फूंकीं, कई जवान घायल

बिहार के अररिया जिले में छह साल के मासूम बच्चे की सड़क हादसे में मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया

अररिया में मासूम की मौत के बाद बवाल, भीड़ ने पुलिस की डायल 112 जीप समेत 3 गाड़ियां फूंकीं, कई जवान घायल
Image Slider
Image Slider
Image Slider

ARARIA: बिहार के अररिया जिले में छह साल के मासूम बच्चे की सड़क हादसे में मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उपद्रवियों ने डायल 112 की जीप समेत तीन पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया। घटना में महिला पुलिसकर्मियों समेत कई जवान घायल हुए हैं। पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, पांच पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं।

तेज रफ्तार कार ने छह साल के बच्चे को कुचला

घटना शुक्रवार शाम सीमावर्ती बसमतिया थाना क्षेत्र के भैरोगंज वार्ड संख्या-9 में एसएसबी कैंप के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, बेला पंचायत निवासी मो. रोजीत का छह वर्षीय बेटा मो. अली कुछ बच्चों के साथ इंडो-नेपाल सीमा सड़क के पास खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद चालक कार लेकर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के कोशकापुर निवासी रामकुमार मेहता के रूप में हुई है।

पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प

मासूम की मौत के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। चालक को लेकर विवाद बढ़ने के बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच तनाव पैदा हो गया। फारबिसगंज डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और हिंसक झड़प शुरू हो गई।

इस दौरान उपद्रवियों ने घूरना थाना की डायल 112 गाड़ी और फुलकाहा थाना की दो बाइक में आग लगा दी।

एसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही अररिया एसपी जितेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और वरीय अधिकारी लगातार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।