कोहरे में पुलिस वाहन का भी बिगड़ा संतुलन! मुंगेर फोरलेन पर पलटी गाड़ी, 4 पुलिसकर्मी जख्मी
बिहार के मुंगेर में घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। कम दृश्यता की वजह से पुलिस का एस्कॉर्ट वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में दो महिला जवानों समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए
MUNGER: बिहार के मुंगेर में घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। कम दृश्यता की वजह से पुलिस का एस्कॉर्ट वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में दो महिला जवानों समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी जवान को गंभीर चोट नहीं आई। सभी घायलों का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया।
VIP ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, घटना मुंगेर के फोरलेन की है। पुलिसकर्मी किसी वीआईपी की एस्कॉर्ट ड्यूटी में गए हुए थे। ड्यूटी पूरी करने के बाद सभी पुलिसकर्मी वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था। सड़क पर दृश्यता काफी कम होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एस्कॉर्ट वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में पुलिस लाइन के चार जवान घायल हो गए। घायलों की पहचान राजेश कुमार, मोहम्मद आजम, स्वाती सिंह और चांदनी कुमारी के रूप में हुई है। इनमें दो महिला जवान भी शामिल हैं।
इलाज के बाद सभी जवान सुरक्षित
हादसे की सूचना मिलते ही घायलों को तत्काल मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने सभी का इलाज किया। मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घने कोहरे के कारण एस्कॉर्ट वाहन पलट गया था। दुर्घटना में चार पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई थीं।
एसपी के अनुसार, सदर अस्पताल में उपचार के बाद सभी जवान स्वस्थ होकर पुलिस केंद्र लौट चुके हैं। फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य है।
इस हादसे ने एक बार फिर सर्दियों में घने कोहरे के दौरान सड़क पर वाहन चलाने में सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। कम दृश्यता के कारण चालकों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है।
pranavpr