महिला आरक्षण पर संजय झा की विपक्ष को खुली चुनौती, कांग्रेस से पूछा ऐसा सवाल, मच गई सियासी हलचल!
जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है..
PATNA: जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेताओं को खुली चुनौती देते हुए सवाल किया कि आखिर महिला आरक्षण का विरोध क्यों किया जा रहा है? संजय झा ने कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा कि उसे बताना चाहिए कि वह महिलाओं को राजनीति में आरक्षण देने के पक्ष में है या नहीं।
कांग्रेस पर संजय झा का तीखा हमला
संजय झा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को अपने परिवार के लोगों के अलावा किसी और की चिंता नहीं है। कुछ लोग अपने परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाने में लगे हैं, जबकि महिला आरक्षण लागू होने से देशभर की महिलाओं को राजनीति में आगे आने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने में परेशानी क्या है।
परिसीमन पर भी विपक्ष को घेरा
परिसीमन विधेयक का समर्थन करते हुए संजय झा ने कहा कि देश की आबादी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सांसदों के लिए अपने पूरे संसदीय क्षेत्र तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। कई सांसद पांच साल में भी अपने क्षेत्र के सभी इलाकों में नहीं पहुंच पाते। उनके मुताबिक, परिसीमन के बाद सीटों की संख्या बढ़ने से जनप्रतिनिधियों को जनता तक पहुंचने और विकास कार्यों पर ध्यान देने का अधिक अवसर मिलेगा।
नीतीश कुमार के मॉडल का किया जिक्र
संजय झा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार में महिलाओं को आरक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में पहले ही कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से राजनीति में आने की इच्छुक नई महिलाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
इंडिया गठबंधन की बैठक पर भी उठाए सवाल
इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर संजय झा ने पूछा कि विपक्ष आखिर इन दोनों विधेयकों पर क्या फैसला करने जा रहा है? उन्होंने कहा कि केवल विरोध करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि विपक्ष को विरोध का कारण भी बताना होगा। अब महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की प्रतिक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं।
pranavpr