'न्याय नहीं मिला तो करेंगे आत्मदाह...', भरत तिवारी एनकाउंटर केस में मां समेत पूरा परिवार भूख हड़ताल पर

बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पांच महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी न्याय नहीं मिलने से परिजनों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है..

'न्याय नहीं मिला तो करेंगे आत्मदाह...', भरत तिवारी एनकाउंटर केस में मां समेत पूरा परिवार भूख हड़ताल पर
Image Slider
Image Slider
Image Slider

BHOJPUR: बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पांच महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी न्याय नहीं मिलने से परिजनों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सरकार की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मृतक का परिवार बेमियादी भूख हड़ताल पर बैठ गया है। भरत तिवारी की मां आशा देवी की भूख हड़ताल का आज दूसरा दिन है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो वह आत्मदाह करने को मजबूर होंगी।

26 नवंबर का अल्टीमेटम खत्म, शुरू किया आंदोलन

परिजनों ने सरकार को कार्रवाई के लिए 26 नवंबर तक का अल्टीमेटम दिया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद परिवार ने आंदोलन शुरू कर दिया। शुरुआत में बलौटी गांव स्थित अपने घर के बाहर धरना दिया गया। इसके बाद परिजन एनएच-922 गोलंबर के पास पहुंचकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए।

आशा देवी का आरोप है कि मुख्यमंत्री की ओर से गिरफ्तारी का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब तक सभी आरोपितों पर कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, उनका अनशन जारी रहेगा।

पप्पू यादव ने सरकार पर साधा निशाना

इस बीच पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी पीड़ित परिवार से मिलने बलौटी गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और न्याय की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिया। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि परिवार को सिर्फ आश्वासन मिला है, जबकि उनकी मांगें अब तक पूरी नहीं हुई हैं।

पप्पू यादव ने भरत तिवारी एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

अब तक एक गिरफ्तारी, बाकी आरोपितों पर कार्रवाई की मांग

भरत की मां आशा देवी का दावा है कि इस मामले में अब तक केवल एसटीएफ के सिपाही अक्षय की गिरफ्तारी हुई है। अन्य आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। धरने में भरत के भाई चंदन तिवारी, भाभी सुमन देवी और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हैं।

फिलहाल परिवार ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। अब देखना होगा कि सरकार और पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।