बिहार पहुंचे अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को घेरा, महिला आरक्षण पर विपक्ष को सुनाई खरी-खोटी!

बिहार दौरे पर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस, राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और विपक्षी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा..

बिहार पहुंचे अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को घेरा, महिला आरक्षण पर विपक्ष को सुनाई खरी-खोटी!
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: बिहार दौरे पर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस, राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और विपक्षी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का जिक्र करते हुए विपक्ष पर देश की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और भारत की प्रगति में बाधा डालने का आरोप लगाया।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो ईवीएम और चुनाव आयोग पर भरोसा करती है, लेकिन चुनाव हारते ही ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगती है। उन्होंने राहुल गांधी को कांग्रेस के इतिहास की याद दिलाते हुए इमरजेंसी और चुनावी अनियमितताओं के आरोपों का जिक्र किया। साथ ही भारत की अर्थव्यवस्था को डेड इकॉनमी बताने वाले राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में भारत सबसे तेजी से आगे बढ़ रहा है और पूरी दुनिया को भारत से उम्मीदें हैं।

वहीं, महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी अनुराग ठाकुर ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि देश की आबादी बढ़ चुकी है और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ संसद में अधिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि गांधी परिवार की महिलाओं को तो राजनीति में अवसर मिलते हैं, लेकिन आम महिलाओं के अधिकारों के सवाल पर विपक्ष पीछे हट जाता है।

तेजस्वी यादव पर व्यक्तिगत हमला बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि जो अपनी बहन को उसका हक नहीं दे पाया, वह देश की बहनों को क्या हक देगा। वहीं, आरक्षण के भीतर आरक्षण की मांग को लेकर उन्होंने कहा कि कुछ लोग महिलाओं को आरक्षण देने के मुद्दे को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।

इसके अलावा यूनिफॉर्म सिविल कोड यानी UCC पर अनुराग ठाकुर ने बीजेपी का पुराना रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि जनसंघ के समय से ही पार्टी अपनी विचारधारा पर कायम है। धारा 370 हटाने, तीन तलाक खत्म करने और महिला आरक्षण जैसे फैसलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी अपने वादों को पूरा करती है। उत्तराखंड में यूसीसी लागू होने का उदाहरण देते हुए उन्होंने इसे अन्य राज्यों और पूरे देश में लागू करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

कुल मिलाकर बिहार दौरे पर अनुराग ठाकुर ने एक साथ राहुल गांधी, कांग्रेस, इंडी गठबंधन और तेजस्वी यादव को निशाने पर लेकर महिला आरक्षण, लोकतंत्र और यूसीसी के मुद्दे पर बीजेपी का पक्ष मजबूती से रखा।।

पटना से रॉबिन कुमार की रिपोर्ट