पटना में कोसी एक्सप्रेस में आग की अफवाह से मची भगदड़, जान बचाने के लिए चलती ट्रेन से कूदे यात्री
बिहार की राजधानी पटना में शनिवार शाम कोसी एक्सप्रेस में अचानक अफरातफरी मच गई। पूर्णिया से हटिया जा रही ट्रेन संख्या 18626 में आग लगने की अफवाह फैलते ही यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया
PATNA: बिहार की राजधानी पटना में शनिवार शाम कोसी एक्सप्रेस में अचानक अफरातफरी मच गई। पूर्णिया से हटिया जा रही ट्रेन संख्या 18626 में आग लगने की अफवाह फैलते ही यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। अपनी जान बचाने के लिए कई यात्री इमरजेंसी गेट की ओर दौड़ पड़े और कुछ ने ट्रेन से नीचे छलांग लगा दी। रानीपुर रेलवे फाटक के पास हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आग की खबर सुनते ही यात्रियों में मची भगदड़
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम कोसी एक्सप्रेस रानीपुर रेलवे फाटक के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन में आग लगने की खबर फैल गई। देखते ही देखते यह अफवाह यात्रियों तक पहुंच गई। बिना स्थिति की सही जानकारी लिए कई यात्री घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से उतरने लगे।
इस दौरान कुछ यात्री इमरजेंसी गेट से नीचे कूद गए। अचानक मची भगदड़ के कारण ट्रेन में सवार लोगों के बीच अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई। यात्रियों को समझ नहीं आ रहा था कि ट्रेन में वास्तव में आग लगी है या यह महज अफवाह है।
करीब 10 मिनट तक जारी रही अफरातफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने की खबर फैलने के बाद करीब 10 मिनट तक यात्रियों के ट्रेन से उतरने और कूदने का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान एक-दूसरे से पहले बाहर निकलने की कोशिश में स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। खासकर चलती ट्रेन में आग जैसी अफवाह फैलने से होने वाले खतरे को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
राहत की बात, कोई हताहत नहीं
इस घटना में राहत की बात यह रही कि किसी यात्री के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। फिलहाल ट्रेन में आग लगने की पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग की अफवाह के कारण ही यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हुई थी।
pranavpr