बिहार में महंगा हुआ सुधा दूध, 1 दिसंबर से लागू होंगी नई कीमतें, यहां देखें पूरी रेट लिस्ट
बिहार में महंगाई का असर अब आम लोगों की रसोई पर भी पड़ने वाला है। बिहार स्टेट मिल्क कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) ने सुधा दूध की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है।
PATNA: बिहार में महंगाई का असर अब आम लोगों की रसोई पर भी पड़ने वाला है। बिहार स्टेट मिल्क कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) ने सुधा दूध की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। नई दरें 1 दिसंबर से लागू होंगी। इसके बाद ग्राहकों को अलग-अलग वैरायटी के दूध पर 2 से 5 रुपये प्रति लीटर तक अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी। आधा लीटर और एक लीटर के पैकेट की कीमतों में बदलाव किया गया है।
गोल्ड से लेकर काउ मिल्क तक बढ़े दाम
नई कीमतों के मुताबिक, आधा लीटर सुधा गोल्ड दूध अब 35 रुपये की जगह 37 रुपये में मिलेगा। वहीं, एक लीटर गोल्ड दूध के लिए ग्राहकों को 68 रुपये के बजाय 72 रुपये देने होंगे।
इसी तरह आधा लीटर काउ मिल्क की कीमत 29 रुपये से बढ़कर 32 रुपये और एक लीटर की कीमत 57 रुपये से बढ़कर 62 रुपये हो जाएगी। आधा लीटर शक्ति दूध 31 रुपये की जगह 33 रुपये में मिलेगा, जबकि एक लीटर शक्ति दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़कर 64 रुपये हो जाएगी।
टोंड और डबल टोंड दूध की नई कीमतें
सुधा टोंड दूध के आधा लीटर पैकेट की कीमत 28 रुपये से बढ़कर 30 रुपये हो जाएगी। वहीं, एक लीटर टोंड दूध के लिए अब 58 रुपये देने होंगे, जो पहले 55 रुपये में मिलता था।
डबल टोंड दूध की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। आधा लीटर पैकेट 26 रुपये के बजाय 28 रुपये और एक लीटर पैकेट 50 रुपये की जगह 54 रुपये में मिलेगा।
क्यों बढ़ाए गए सुधा दूध के दाम?
कॉम्फेड के अनुसार, पशुपालन की लागत में लगातार बढ़ोतरी के कारण दूध की कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है। पशु चारा, खल्ली, भूसा और दाने की कीमतों में वृद्धि के अलावा पैकेजिंग, ईंधन और परिवहन का खर्च भी बढ़ा है।
नई दरों से किसानों और खुदरा विक्रेताओं को भी अधिक राशि मिलेगी। 1 दिसंबर से किसानों को प्रति लीटर 2.26 रुपये अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा। वहीं, खुदरा विक्रेताओं के मार्जिन में भी बढ़ोतरी होगी। दूध की कीमतें बढ़ने से बिहार के उन परिवारों का मासिक बजट प्रभावित होगा, जो रोजाना सुधा दूध खरीदते हैं।
pranavpr