पटना के रिसॉर्ट में आधी रात शराब और डांस पार्टी का खुलासा, नर्तकी-मैनजर समेत 11 गिरफ्तार, दो लाइसेंसी हथियार मिले
बिहार की राजधानी पटना में शराबबंदी कानून के बीच एक रिसॉर्ट में शराब पार्टी का मामला सामने आया है। श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के राजापुल स्थित एक रिसॉर्ट में शुक्रवार देर रात बर्थडे पार्टी के दौरान शराब और डांस का कार्यक्रम चल रहा था
PATNA: बिहार की राजधानी पटना में शराबबंदी कानून के बीच एक रिसॉर्ट में शराब पार्टी का मामला सामने आया है। श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के राजापुल स्थित एक रिसॉर्ट में शुक्रवार देर रात बर्थडे पार्टी के दौरान शराब और डांस का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच पुलिस ने छापेमारी कर दी। कार्रवाई के दौरान मौके से तीन लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने नशे में मिली एक महिला नर्तकी और रिसॉर्ट मैनेजर समेत कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
कॉन्ट्रैक्टर के जन्मदिन पर चल रही थी पार्टी
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात रिसॉर्ट में शराब की बिक्री होने की सूचना मिली थी। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, सचिवालय के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। श्रीकृष्णापुरी थानेदार जितेंद्र राणा के साथ टीम ने रिसॉर्ट में छापेमारी की।
जांच में पता चला कि वहां राजेश नाम के एक कॉन्ट्रैक्टर का जन्मदिन मनाया जा रहा था। पार्टी के दौरान एक हॉल में शराब के साथ डांस कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।
पश्चिम बंगाल की नर्तकी भी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक महिला नर्तकी को नशे की हालत में गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और वर्तमान में पटना के मीठापुर में रहती है। वहीं, दूसरी महिला नर्तकी को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। गिरफ्तार लोगों में रिसॉर्ट मैनेजर शंकर पोद्दार भी शामिल है।
पार्टी में मिले दो लाइसेंसी हथियार
पुलिस को छापेमारी के दौरान दो हथियार भी मिले। जांच में दोनों हथियार लाइसेंसी पाए गए। इनमें एक निजी सुरक्षा गार्ड और दूसरा कॉन्ट्रैक्टर का बताया जा रहा है। पुलिस इनके दस्तावेजों की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में सतीश कुमार, संजय कुमार, ब्रजेश कुमार, कृष्ण मुरारी, गुड्डू कुमार, मनीष कुमार, बैजू कुमार उर्फ बिरजू कुमार, चंदन कुमार, कमलेश्वरी प्रसाद, जय सरकार और रिसॉर्ट मैनेजर शंकर पोद्दार शामिल हैं। सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
pranavpr