सरकारी नौकरी की खुशी मनाने जा रहा था परिवार, रास्ते में काल बनी रफ्तार; हादसे में 13 की मौत
झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने बिहार के एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। जिस घर में सरकारी नौकरी मिलने की खुशी में जश्न का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
NALANDA/RAMGARH: झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने बिहार के एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। जिस घर में सरकारी नौकरी मिलने की खुशी में जश्न का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोग पत्नी की सरकारी स्कूल में शिक्षिका के पद पर नियुक्ति की खुशी में मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इसी दौरान रांची-पटना नेशनल हाईवे-33 पर पैंकी गांव के पास उनकी स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के रहने वाले थे। स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे और सभी रजरप्पा मंदिर में दर्शन के लिए निकले थे। हादसे में घायल व्यक्ति को रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
शिक्षक की नौकरी की खुशी मातम में बदली
हादसे में विवेकानंद कुमार (40), उनकी पत्नी अमृता देवी (35), बेटी सोनाली (16), बेटे शुभम (12) और अमन, मां प्रमिला देवी (65), भाई चंदन, सिंटू और राजेश समेत परिवार के कई सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में बहन किरण कुमारी, उनके पति और बेटे के अलावा स्कॉर्पियो चालक नंदन कुमार भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि विवेकानंद कुमार मां सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के निदेशक थे। उनकी पत्नी अमृता देवी की सरकारी शिक्षक के पद पर नौकरी लगी थी। इसी उपलब्धि की खुशी में परिवार ने रजरप्पा मंदिर जाने का कार्यक्रम बनाया था। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा उनकी जिंदगी की आखिरी यात्रा बन जाएगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख
हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मृतकों के प्रति संवेदना जताते हुए घायल व्यक्ति के बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया। इस दर्दनाक घटना के बाद नालंदा के जंघारो गांव में शोक की लहर है। एक साथ 13 लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
pranavpr