बांग्लादेश में शेख हसीना की वापसी से पहले तनाव चरम पर, कई जगह बम धमाके, ढाका जाने वाली ट्रेनें रद्द

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है। कई जिलों में आगजनी, देसी बम धमाकों और झड़पों की घटनाएं सामने आई हैं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है..

बांग्लादेश में शेख हसीना की वापसी से पहले तनाव चरम पर, कई जगह बम धमाके, ढाका जाने वाली ट्रेनें रद्द
Image Slider
Image Slider
Image Slider

DHAKA: बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है। कई जिलों में आगजनी, देसी बम धमाकों और झड़पों की घटनाएं सामने आई हैं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हिंसा की आशंका के बीच शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में बाजार बंद रखने और बस सेवाएं निलंबित करने का फैसला लिया गया है। वहीं, ढाका जाने वाली सीधी ट्रेन सेवाएं भी रोक दी गई हैं।

सात जिलों में बीजीबी की 120 प्लाटून तैनात

सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के मुताबिक, बांग्लादेश के सात जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की कुल 120 प्लाटून तैनात की गई हैं। इनमें सबसे अधिक 56 प्लाटून गोपालगंज में लगाई गई हैं। इसके अलावा ढाका, गाजीपुर, नारायणगंज, मयमनसिंह, चट्टोग्राम और कॉक्स बाजार में भी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए ड्रोन, बॉडी-वर्न कैमरों और आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। बीजीबी मुख्यालय इन माध्यमों से मिलने वाली लाइव फुटेज पर नजर रख रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

अभी भारत में रह रही हैं शेख हसीना

गौरतलब है कि शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। साल 2024 में छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े मामले में उन्हें उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई गई थी।

बताया जा रहा है कि हसीना ने 1971 में पाकिस्तान पर जीत की वर्षगांठ के मौके पर बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। हालांकि, उनकी वापसी को लेकर राजनीतिक और सुरक्षा संबंधी अनिश्चितता बनी हुई है।

गोपालगंज में जनजीवन प्रभावित

शेख हसीना के राजनीतिक गढ़ गोपालगंज में तनाव का असर आम लोगों पर भी पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण मोबाइल बैंकिंग सेवाएं बंद हैं और परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई है। कुछ पुलिस थानों के कामकाज पर भी असर पड़ने की खबर है।

वहीं, प्रतिबंधित अवामी लीग ने 29 और 30 नवंबर को लॉकडाउन का ऐलान किया था। इसके समर्थन में शनिवार रात कई इलाकों में मशाल जुलूस निकाले गए। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।