खगड़िया में पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़, एक लाख के इनामी मिथिलेश महतो को लगी गोली
हार के खगड़िया में एसटीएफ और जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को चौथम थाना क्षेत्र में पुलिस और कुख्यात अपराधी मिथिलेश महतो के बीच मुठभेड़ हो गई..
KHAGARIA: बिहार के खगड़िया में एसटीएफ और जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को चौथम थाना क्षेत्र में पुलिस और कुख्यात अपराधी मिथिलेश महतो के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिथिलेश पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को गुप्त सूचना मिली थी कि मिथिलेश महतो चौथम थाना क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही एसपी शैलेन्द्र कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई।
इस टीम में एसटीएफ एसओजी-3, अभियान दल-8, डीआईयू खगड़िया और चौथम थाने की पुलिस शामिल थी। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की तो अपराधी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार और कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मिथिलेश महतो के पास से एक देशी कट्टा, एक पिस्टल और कई राउंड कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या समेत 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर सात हत्याओं में शामिल होने का आरोप है।
गवाह की हत्या की रच रहा था साजिश
पुलिस के मुताबिक, मिथिलेश चौथम थाना कांड संख्या 181/26 के मुख्य चश्मदीद गवाह की हत्या की योजना बना रहा था। इस मामले में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या हुई थी। वहीं, 10 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद बच गई थी और इस घटना की चश्मदीद गवाह है।
पुलिस ने सबसे पहले गवाह की सुरक्षा के लिए जवानों की तैनाती की और फिर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया।
दिल्ली डबल मर्डर केस में भी रहा जेल में
खगड़िया एसपी के अनुसार, मिथिलेश महतो दिल्ली में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में करीब नौ साल जेल में रह चुका है। इसके बाद वह जमानत पर बाहर आया था। फिलहाल पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है।
pranavpr