बिहार की नीतीश सरकार ने बुलाई कैबिनेट की अहम बैठक, विकास और कल्याणकारी योजनाओं पर मंथन संभव

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में 06 फरवरी 2026 को पटना के ‘संवाद’ कक्ष में कैबिनेट की अहम बैठक होगी। बैठक में विकास, बजट और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और फैसले लिए जाने की संभावना है।

बिहार की नीतीश सरकार ने बुलाई कैबिनेट की अहम बैठक, विकास और कल्याणकारी योजनाओं पर मंथन संभव
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना।बिहार की राजनीति और प्रशासन में हलचल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में राज्य मंत्रिमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार, 06 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, यह बैठक शाम 05:00 बजे पटना के 4, देशरत्न मार्ग स्थित ‘संवाद’ कक्ष में होगी। सरकार ने इस उच्चस्तरीय बैठक को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के विशेष सचिव अरविंद कुमार वर्मा द्वारा जारी ज्ञापांक (मंत्रिपरिषद्-01/181/पटना-15) के मुताबिक, यदि निर्धारित समय पर विधान मंडल की कार्यवाही चल रही होगी, तो कैबिनेट की बैठक सदन की कार्यवाही समाप्त होने के तुरंत बाद शुरू की जाएगी। बैठक के सुचारू संचालन के लिए ‘संवाद’ कक्ष में सुरक्षा, तकनीकी और प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अहम बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उपमुख्यमंत्री और राज्य के सभी मंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा, विकास आयुक्त, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव तथा सरकार के विभिन्न विभागों के सचिवों को भी बैठक में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। प्रशासनिक समन्वय बनाए रखने के उद्देश्य से राजस्व परिषद के अध्यक्ष और पुलिस उपाधीक्षक (सचिवालय) को भी इसकी सूचना दी गई है।

हालांकि, आधिकारिक तौर पर बैठक के एजेंडे का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस दौरान राज्य के विकास, बजट से जुड़े प्रस्तावों और लोक कल्याणकारी योजनाओं पर अहम निर्णय लिए जा सकते हैं। खास तौर पर उन योजनाओं पर चर्चा की संभावना है, जो हाल के दिनों में राजनीतिक और कानूनी बहस का विषय बनी हुई हैं।बैठक को सफल बनाने के लिए मंत्रिमंडल सचिवालय ने व्यापक इंतजाम किए हैं। बिजली विभाग, भवन निर्माण विभाग और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कनीय अभियंताओं को आवश्यक कार्रवाई के लिए तैनात किया गया है। इसके साथ ही, सचिवालय भोजशाला के प्रबंधक और आईटी मैनेजर को भी विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि बैठक के दौरान किसी तरह की तकनीकी या व्यवस्था संबंधी समस्या न उत्पन्न हो।

राजनीतिक गलियारों में इस कैबिनेट बैठक को लेकर खासा उत्साह है और सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि नीतीश सरकार इस बैठक में कौन-कौन से बड़े फैसलों पर मुहर लगाती है।