तीन साल की मोहब्बत को मिला मुकाम, पुलिस बनी बाराती निभाई सामाजिक जिम्मेदारी

जमुई जिले के सोनो थाना परिसर में एक अनोखी और मानवीय पहल देखने को मिली,जहां पुलिस की मौजूदगी और प्रयास से तीन साल से प्रेम संबंध में रह रहे प्रेमी जोड़े का विवाह संपन्न कराया गया।

तीन साल की मोहब्बत को मिला मुकाम, पुलिस बनी बाराती निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
Image Slider
Image Slider
Image Slider

NBC24NEWSDESK: जमुई जिले के सोनो थाना परिसर में एक अनोखी और मानवीय पहल देखने को मिली,जहां पुलिस की मौजूदगी और प्रयास से तीन साल से प्रेम संबंध में रह रहे प्रेमी जोड़े का विवाह संपन्न कराया गया।थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में हुई इस शादी में पुलिस न सिर्फ सुरक्षा में रही, बल्कि सामाजिक सरोकार निभाते हुए खुद बाराती की भूमिका में भी नजर आई। जानकारी के अनुसार अभिषेक कुमार (22 वर्ष), पिता केदार मंडल,और चांदनी कुमारी (19 वर्ष),पिता राम लखन गुप्ता, के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों की पहचान रिश्तेदारी के मध्यम में हुई थी, जो धीरे-धीरे गहरे प्रेम में बदल गई। दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया और 1 फरवरी को घर से निकलकर पटना चले गए। इसके बाद 2 फरवरी को पटना सिविल कोर्ट में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। इधर, चांदनी के पिता द्वारा सोनो थाना में आवेदन देकर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई गई।आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों को ट्रैक किया और पटना से सोनो बुलाया।

जांच के दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोनों युवक-युवती बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी करने के लिए स्वतंत्र हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों परिवारों को थाना बुलाकर समझाया।बातचीत और सहमति के बाद सोनो थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में दोनों की विधिवत शादी कराई गई।शादी के मौके पर दोनों पक्षों के परिजन,स्थानीय जनप्रतिनिधि और थाना के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।अभिषेक कुमार ने बताया कि वह चार वर्षों से सूरत की एक कंपनी में काम कर रहा है और चांदनी के साथ उसका तीन साल पुराना प्रेम संबंध है। उसने कहा कि यह विवाह दोनों परिवारों की रजामंदी से हो रहा है। वहीं चांदनी और अभिषेक के पिता ने भी कहा कि जब बच्चे एक-दूसरे से शादी कर चुके हैं,तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है और उन्होंने पूरे मन से आशीर्वाद दे दिया है।

ग्रामीणों के अनुसार, चांदनी कुछ वर्ष पहले पैरामटिहाना गांव में अपने रिश्तेदार के यहां आई थी, जहां उसकी मुलाकात अभिषेक से हुई थी।दोनों के घरों की दूरी लगभग पांच किलोमीटर है।यह विवाह अंतरजातीय होने के कारण शुरुआत में परिवार में नाराजगी थी,लेकिन पुलिस की पहल  से मामला सुलझ गया। इस संबंध में सोनो थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों बालिग हैं और कानून के अनुसार स्वतंत्र हैं। परिवारों को समझाकर आपसी सहमति से विवाह कराया गया है और दोनों पक्षों ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य सामाजिक शांति और मानवीय समाधान सुनिश्चित करना है। इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है, जहां पुलिस की संवेदनशील भूमिका को लोग सराहना की नजर से देख रहे हैं।

जमुई  से हसनैन खान की रिपोर्ट।