पटना में आस्था और सेहत से खिलवाड़! फूलों के कोल्ड स्टोरेज में मिले अंडे, लाखों की मिठाइयां जब्त
राजधानी पटना में त्योहारों के बीच लोगों की सेहत और आस्था से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। अनीसाबाद स्थित शालीमार कोल्ड स्टोरेज में फूलों के भंडारण की आड़ में अंडे और अन्य खाद्य पदार्थ रखे जाने का खुलासा हुआ है।
Patna News: राजधानी पटना में त्योहारों के बीच लोगों की सेहत और आस्था से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। अनीसाबाद स्थित शालीमार कोल्ड स्टोरेज में फूलों के भंडारण की आड़ में अंडे और अन्य खाद्य पदार्थ रखे जाने का खुलासा हुआ है। इसके अलावा यहां पुरानी मिठाइयों को दोबारा बेचने के लिए रिसाइकिल किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शालीमार कोल्ड स्टोरेज में छापेमारी की। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री बरामद की गई। अधिकारियों ने लाखों रुपये की मिठाइयों को जब्त कर लिया है। आशंका है कि इन मिठाइयों को दीपावली के बाजार में दोबारा खपाने की तैयारी की जा रही थी।
कोल्ड स्टोरेज में मिली गंदगी, चूहों के मल भी बरामद
छापेमारी के दौरान कोल्ड स्टोरेज में साफ-सफाई की गंभीर कमी सामने आई। जांच टीम को परिसर में गंदगी और चूहों के मल मिले। साथ ही खाद्य पदार्थों के भंडारण में भी कई अनियमितताएं पाई गईं। एक ही स्थान पर फूलों के साथ अंडे और अन्य खाद्य सामग्री रखे जाने को लेकर भी सवाल उठे हैं।
फिलहाल खाद्य सुरक्षा विभाग ने बरामद मिठाइयों को जब्त कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि इन खाद्य पदार्थों को कहां से लाया गया था और इन्हें बाजार में बेचने की क्या तैयारी थी।
त्योहारों के मौसम में इस खुलासे ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदार कारोबारियों पर क्या कार्रवाई होती है।
पटना से अजय शर्मा की रिपोर्ट
pranavpr