बिहार में बारातियों के खाना खाने के बाद लड़की वालों ने किया हमला, एक की मौत, दो दर्जन घायल

बिहार के समस्तीपुर जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां घर आए बारातियों के खाना खाने के बाद लड़की पक्ष वालों ने हमला कर दिया, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई..

बिहार में बारातियों के खाना खाने के बाद लड़की वालों ने किया हमला, एक की मौत, दो दर्जन घायल
Image Slider
Image Slider
Image Slider

SAMASTIPUR: बिहार के समस्तीपुर जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां घर आए बारातियों के खाना खाने के बाद लड़की पक्ष वालों ने हमला कर दिया। जिसमें एक शख्स की मौत हो गई, वहीं 2 दर्जन से ज्यादा गंभीर रुप से घायल बताए जा रहे हैं। इतना ही नहीं लड़की पक्ष वालों ने बारातियों के बाइक और चार पहिया वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। घटना से आक्रोशित लोगों ने शव के साथ सड़क जामकर प्रदर्शन किया।

मिली जानकारी के अनुसार पटोरी थाना इलाके के चंदन चौक से तारा धमौन गांव में मंगलवार को बारात गई थी। दोनों इलाके के बीच महज पांच किलोमीटर की दूरी है। बारात दरवाजे पर लगी तो डांस को लेकर बारातियों का लड़की पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। उस झगड़े को तुरंत शांत करा दिया गया। दरवाजा लगने के बाद खाना खाकर बारात गए लोग घर लौटने लगी। तभी रास्ते में लड़की के गांव के कुछ लोगों ने सभी बारातियों को घेरकर पीटना शुरू कर दिया।

इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। बाराती अपनी जान बचाकर भागने लगे। ग्रामीणों ने जो बाराती हाथ लगा उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस हमले में एक की मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चंदन चौक पर जाम लगा दिया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। प्रदर्शनकारी एसपी को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक जाम नहीं हटाया गया।

इस घटना में पटोरी थाना क्षेत्र के बिशनपुर पहाड़पुर निवासी गंगा विष्णु राय के पुत्र शिव शंकर राय (30) की मौत हो गई। लगभग दो दर्जन लोग जख्मी हो गए, जिनमें विकास कुमार की हालत गंभीर बताई गई है। जख्मी लोगों का पटोरी अनुमंडलीय अस्पताल के अलावा कुछ निजी अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।