​लखीसराय: बीजेपी झंडा लगी VIP कार से 1097 बोतल विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

बिहार के लखीसराय में पुलिस ने बीजेपी का झंडा लगी एक लग्जरी कार से 1097 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस को चकमा देने के लिए गाड़ी में लगाया था वीआईपी नंबर। पढ़ें पूरी खबर।

​लखीसराय: बीजेपी झंडा लगी VIP कार से 1097 बोतल विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
गुप्त सूचना के आधार पे पुलिस ने की थी घेराबंदी
Image Slider
Image Slider
Image Slider

​लखीसराय: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के दावों के बीच शराब तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए नए-नए पैंतरे अपना रहे हैं। ताजा मामला लखीसराय जिले से सामने आया है, जहां मद्य निषेध विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बीजेपी का झंडा लगी एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

तेतरहाट बाजार के पास घेराबंदी कर दबोचा:

​जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध थाना लखीसराय की टीम को जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग से शराब की एक बड़ी खेप गुजरने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 09 जुलाई 2026 को तेतरहाट बाजार के समीप नाकेबंदी की।

​इसी दौरान एक सफेद रंग की संदिग्ध फोर्ड कार को रोका गया। जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। कार के अंदर कुल 1097 बोतल अवैध विदेशी शराब (कुल मात्रा 392.655 लीटर) छिपाकर रखी गई थी।

​पूछताछ और जांच के दौरान तस्करों का एक बड़ा शातिराना हथकंडा सामने आया। पुलिस को चकमा देने के लिए गाड़ी के आगे भाजपा (BJP) का झंडा लगाया गया था ताकि कोई चेकिंग के दौरान गाड़ी को न रोके। इतना ही नहीं, पुलिस को भ्रमित करने के लिए गाड़ी में दो अलग-अलग नंबर प्लेट भी मिलीं:

​गाड़ी पर लगी नंबर प्लेट: BR-01PB-9999 (VIP नंबर)

​कार के अंदर मिली दूसरी नंबर प्लेट: UP-65AX-4272

पुलिस ने मौके से गाड़ी को जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के रहने वाले मिट्टू कुमार और मनीष कुमार पासवान के रूप में हुई है।

​मद्य निषेध अधीक्षक, दीपक कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा - "गुप्त सूचना के आधार पर तेतरहाट के पास एक लग्जरी कार की घेराबंदी की गई थी। कार से 1097 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई है। पुलिस को चकमा देने के लिए कार में बीजेपी का झंडा और वीआईपी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया गया था। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और शराब के इस पूरे सिंडिकेट और नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।"

​इस बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुट गई है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किसे डिलीवर किया जाना था।