दिल्ली से बिहार जाना होगा आसान, 13 शहरों के लिए शुरू हुई सरकारी बस सेवा, जानें रूट और किराया

दिल्ली में रहने वाले बिहार के लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब दिल्ली से बिहार जाने के लिए यात्रियों को सिर्फ ट्रेनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा..

दिल्ली से बिहार जाना होगा आसान, 13 शहरों के लिए शुरू हुई सरकारी बस सेवा, जानें रूट और किराया
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA/NEW DELHI: दिल्ली में रहने वाले बिहार के लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब दिल्ली से बिहार जाने के लिए यात्रियों को सिर्फ ट्रेनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। दिल्ली और बिहार सरकार के बीच हुए परिवहन समझौते के बाद 13 शहरों के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की पहल की गई है। शुक्रवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कश्मीरी गेट ISBT से पहले चरण में पांच बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस बस सेवा का उद्देश्य दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के करीब 15 से 20 लाख लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। खासकर छठ, दिवाली और दशहरा जैसे त्योहारों के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा।

18 रूटों पर चलेंगी बसें, 216 परमिट निर्धारित

दिल्ली और बिहार के बीच हुए समझौते के तहत कुल 18 अंतरराज्यीय मार्गों पर बस संचालन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 216 परमिट निर्धारित किए गए हैं। दोनों राज्यों को प्रत्येक रूट पर 12-12 परमिट दिए जाएंगे। यानी बस संचालन में दोनों राज्यों की बराबर भागीदारी होगी।

शुक्रवार को कश्मीरी गेट स्थित महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस टर्मिनल पर आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत मौजूद रहे। शुरुआती चरण में रवाना की गई बसों का निर्धारित प्रस्थान समय प्रतिदिन दोपहर 2 बजे रखा गया है।

बिहार के इन 13 शहरों तक मिलेगी सीधी बस सेवा

नई बस सेवा के जरिए बिहार के 13 शहरों को दिल्ली से जोड़ा जाएगा। इनमें पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर, नवादा, बिहारशरीफ, बक्सर और पूर्वी चंपारण शामिल हैं।

पटना के लिए चार अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। वहीं, गया और मुजफ्फरपुर के लिए दो-दो मार्ग रखे गए हैं। इसके अलावा बसों के रास्ते में उत्तर प्रदेश के वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, आगरा और मथुरा जैसे शहर भी जुड़ेंगे।

कितना होगा बस का किराया?

दिल्ली से बिहार जाने वाली बसों का आधिकारिक किराया अभी घोषित नहीं किया गया है। हालांकि, दिल्ली से पटना तक का संभावित किराया करीब 1900 रुपये बताया जा रहा है। यात्रियों को टिकट बुकिंग और वास्तविक किराये की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

बिहार में 299 नई बसें चलाने की तैयारी

बस सेवा का विस्तार करने के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने 149 नई बसें खरीदी हैं। इनमें 75 नॉन एसी और 74 एसी बसें शामिल हैं। इसके अलावा PPP मॉडल के तहत 150 और बसें चलाने की योजना है। इस तरह कुल 299 बसों के संचालन की तैयारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की तरक्की में बिहार के लाखों लोगों का महत्वपूर्ण योगदान है। दोनों राज्यों की सरकारों की प्राथमिकता है कि यहां रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और उनका आवागमन आसान हो।