आनंद मोहन के समर्थन में मैदान में उतरेंगे बेटे चेतन आनंद, आज बुलाई है आपात बैठक, लेंगे बड़ा फैसला..?
बिहार की राजनीति में पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने के बाद हलचल तेज हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब उन्हें दोबारा जेल जाना होगा। इस बीच उनके बेटे और जदयू विधायक चेतन आनंद ने पिता के समर्थन में आगे की रणनीति तैयार करने की पहल शुरू कर दी है..
PATNA: बिहार की राजनीति में पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने के बाद हलचल तेज हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब उन्हें दोबारा जेल जाना होगा। इस बीच उनके बेटे और जदयू विधायक चेतन आनंद ने पिता के समर्थन में आगे की रणनीति तैयार करने की पहल शुरू कर दी है। उन्होंने 28 नवंबर को पटना के गर्दनीबाग स्थित अपने आवास पर दोपहर 12:30 बजे आपात बैठक बुलाई है। इस बैठक में बिहार के प्रमुख अभिभावकों और नौजवान साथियों को शामिल होने की अपील की गई है।
चेतन आनंद ने समर्थकों से की बैठक में शामिल होने की अपील
चेतन आनंद की ओर से बुलाई गई इस बैठक को आनंद मोहन के मामले में आगे की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इसमें कानूनी लड़ाई के साथ-साथ जनसंपर्क अभियान को लेकर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि, बैठक में क्या फैसला होगा, इस पर अभी आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
चेतन आनंद ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट के फैसले की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। अधिवक्ता से फैसले की पूरी जानकारी लेने के बाद ही वह इस पर विस्तार से कुछ कहेंगे। उन्होंने अपने पिता को निर्दोष बताते हुए मुकदमे में पेश किए गए गवाहों का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया के ड्राइवर और बॉडीगार्ड ने अदालत में घटनास्थल पर आनंद मोहन की मौजूदगी से इनकार किया था।
उन्होंने बिहार सरकार के 2023 के कारा हस्तक संशोधन पर भी सवाल उठाए और पूछा कि पुराने मामले में बाद के प्रावधानों को लागू करने का आधार क्या था। साथ ही उन्होंने समर्थकों से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
आनंद मोहन ने भी फैसले पर दी प्रतिक्रिया
इधर, आनंद मोहन ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करने की बात कही है। उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह इस मामले में अपनी बात लोगों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने शनिवार को पटना में बैठक करने और अलग-अलग जगहों पर जाकर लोगों को पूरे मामले की जानकारी देने की बात भी कही।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि 5 दिसंबर 1994 को मुजफ्फरपुर में भीड़ ने तत्कालीन गोपालगंज डीएम जी. कृष्णैया की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में आनंद मोहन को भीड़ को उकसाने का दोषी ठहराया गया था। 2007 में उन्हें मौत की सजा सुनाई गई थी, जिसे बाद में पटना हाईकोर्ट ने उम्रकैद में बदल दिया। सुप्रीम कोर्ट ने 2012 में उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी।
अप्रैल 2023 में बिहार सरकार ने कारा हस्तक के नियमों में संशोधन किया था, जिसके बाद आनंद मोहन को समय से पहले रिहाई मिली थी। हालांकि, 26 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के संशोधन और उनकी रिहाई के आदेश को रद्द कर दिया। अदालत ने उन्हें एक महीने के भीतर जेल प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है।
अब 28 नवंबर की बैठक पर सबकी नजरें टिकी हैं। देखना होगा कि चेतन आनंद और उनके समर्थक आगे की कानूनी और राजनीतिक रणनीति को लेकर क्या निर्णय लेते हैं।
pranavpr