BIG BREAKING: अतीक, अशरफ और शाइस्ता की 345 करोड़ की संपत्ति जब्त, 13 बैंक खाते भी सीज
माफिया अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ उर्फ खालिद अजीम और पत्नी शाइस्ता परवीन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत करीब 345 करोड़ रुपये की 18 चल एवं अचल संपत्तियां जब्त कर ली हैं।
माफिया अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ उर्फ खालिद अजीम और पत्नी शाइस्ता परवीन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत करीब 345 करोड़ रुपये की 18 चल एवं अचल संपत्तियां जब्त कर ली हैं। इसके साथ ही विभिन्न बैंकों में मौजूद 13 बैंक खातों को भी सीज कर दिया गया है।
प्शासन के अनुसार, जब्त की गई संपत्तियों में प्रयागराज, कौशाम्बी और लखनऊ में स्थित मकान, व्यावसायिक एवं आवासीय भूखंड, कृषि भूमि, बैंक खातों में जमा धनराशि और वाहन शामिल हैं। कार्रवाई के बाद इन संपत्तियों की सुरक्षा, रखरखाव और निगरानी के लिए मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है।
किन-किन क्षेत्रों की संपत्तियां हुईं जब्त?
दस्तावेजों के मुताबिक प्रयागराज के चकिया, करेली, झूंसी, धूमनगंज, कसारी मसारी, देवघाट, सरेयां, रहीमाबाद, अकबरपुर मिर्जापुर और होलागढ़ समेत कई इलाकों की संपत्तियां जब्ती की कार्रवाई के दायरे में आई हैं। इसके अलावा कौशाम्बी और लखनऊ के गोमतीनगर व शेखपुर स्थित अचल संपत्तियों को भी प्रशासन ने जब्त किया है।
बैंक खाते और वाहन भी कार्रवाई के दायरे में
प्रशासन ने विभिन्न बैंकों में मौजूद 13 खातों में जमा धनराशि को सीज कर दिया है। वहीं अशरफ उर्फ खालिद अजीम के नाम दर्ज एक वाहन भी जब्त किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक जब्त की गई कई अचल संपत्तियों की कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है।
डीएम ने क्या कहा?
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि जब्त संपत्तियों के संरक्षण और निगरानी के लिए गठित समिति में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के उपाध्यक्ष, एडीएम (एफआर), एडीएम (नजूल) सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को शामिल किया गया है। समिति नियमित निरीक्षण करेगी और संपत्तियों से जुड़ी आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
यह कार्रवाई माफिया अतीक अहमद और उसके नेटवर्क के खिलाफ प्रशासन की लगातार चल रही कानूनी कार्रवाई का हिस्सा मानी जा रही है।