दो दिवसीय दौरे पर आज पटना पहुंच रहे नितिन नवीन, एयरपोर्ट से BJP ऑफिस तक ट्रैफिक डायवर्ट... किस रोड पर कब तक बंद रहेगा परिचालन

नितिन नवीन के आगमन को लेकर पटना पुलिस ने इस कार्यक्रम को देखते हुए आम लोगों के लिए नया ट्रैफिक व्यवस्था जारी किया है।

दो दिवसीय दौरे पर आज पटना पहुंच रहे नितिन नवीन, एयरपोर्ट से BJP ऑफिस तक ट्रैफिक डायवर्ट... किस रोड पर कब तक बंद रहेगा परिचालन
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना: बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन आज दो दिवसीय बिहार दौरे पर आ रहे हैं. बतौर बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष यह उनका पहला बिहार दौरा है, लिहाजा पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं में काफी जोश देखने को मिल रहा है. नितिन नवीन के स्वागत के लिए पटना को बैनर-पोस्टरों से सजा दिया गया है. पार्टी की ओर से नितिन नवीन के दौरे को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है. जानकारी के मुताबिक, पार्टी की ओर से पटना एयरपोर्ट से लेकर बीजेपी कार्यालय तक जगह-जगह पर उनका (नितिन नवीन) का भव्य स्वागत किए जाने की तैयारी की गई है.

नितिन नवीन के आगमन को लेकर पटना पुलिस ने इस कार्यक्रम को देखते हुए आम लोगों के लिए नया ट्रैफिक व्यवस्था जारी किया है। यह व्यवस्था सोमवार सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक लागू रहेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पटना एयरपोर्ट से आर्यभवन, शेखपुरा मोड़, राजवंशी नगर, पुनाईचक, विद्युत भवन, आयकर गोलंबर, डाकबंगला चौराहा, मौर्या होटल होते हुए बापू सभागार (गांधी मैदान) तथा कंकड़बाग स्थित आवास तक आवागमन प्रस्तावित है। इसे देखते हुए मुख्य मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों के परिचालन और पार्किंग पर प्रतिबंध लगाए गए हैं। पटना पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि नौ फरवरी को सुबह 11 बजे से रात 8 बजे के बीच यात्रा करने वाले लोग कम से कम तीन घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचें। सगुना मोड़, दानापुर और पूर्व हड़ताली मोड़ की ओर से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। बेली रोड, जगदेव पथ और आयकर गोलंबर क्षेत्र में अत्यधिक दबाव को देखते हुए पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

इसके अलावा जिला परिवहन कार्यालय से दक्षिण की ओर आने वाले सभी वाहनों को टमटम पड़ाव-फुलवारीशरीफ होते हुए डायवर्ट किया जाएगा. वहीं जिला परिवहन कार्यालय से उत्तर की ओर से आने वाले वाहनों को जगदेव पथ होते हुए डायवर्ट किया जाएगा. कंकड़बाग से पटना जंक्शन की ओर से पश्चिम की ओर जाने वाले वाहन जीपीओ आरओबी, आर ब्लॉक आरओबी, गर्दनीबाग आरओबी, अनिसाबाद गोलंबर होते हुए जा सकेंगे.

जानकारी के मुताबिक, अभिनंदन समारोह की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. 12 से अधिक मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों को लगाया गया है. इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेंगे.

नितिन नवीन एयरपोर्ट पहुंचने के बाद बेली रोड से सीधे बापू सभागार पहुंचेंगे. इसके बाद वह जेपी आवास पर जायेंगे, जेपी आवास के बाद वह अपने आवास पहुंचेंगे. फिर भाजपा कार्यालय जायेंगे.