छात्र प्रदर्शन हुआ हिंसक, डीएम आवास पर पथराव; पुलिस की हवाई फायरिंग, 100 से अधिक उपद्रवी गिरफ्तार
नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में गुरुवार को जहानाबाद में निकाला गया छात्र प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने अरवल मोड़ पहुंचने के बाद सड़क किनारे लगे डिवाइडर और सार्वजनिक रेलिंग को नुकसान पहुंचाया।
जहानाबाद: नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में गुरुवार को जहानाबाद में निकाला गया छात्र प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने अरवल मोड़ पहुंचने के बाद सड़क किनारे लगे डिवाइडर और सार्वजनिक रेलिंग को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद भीड़ स्टेशन रोड होते हुए जिला पदाधिकारी (डीएम) आवास पहुंची, जहां पथराव और तोड़फोड़ की गई। उपद्रवियों ने डीएम आवास के मुख्य गेट को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया।
हालात बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन पथराव जारी रहने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान 10 से 15 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने करीब 45 मिनट तक हवाई फायरिंग कर भीड़ को तितर-बितर किया। प्रशासन के अनुसार, इस कार्रवाई में किसी भी आम नागरिक के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस अधीक्षक किरण कुमार के नेतृत्व में डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी, एसडीपीओ राजीव सिन्हा और जिला प्रशासन की टीम पूरी रात मुस्तैद रही। संवेदनशील इलाकों और रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई।
जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने बताया कि जिले में विधि-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि रातभर चलाए गए विशेष अभियान में वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अब तक 100 से अधिक उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि हिंसा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।