बिहार में फिर होगा 'खेला'! भाई वीरेंद्र के बयान से गरमाई सियासत, बोले- थोड़ा इंतजार कीजिए
बिहार में एमएलसी चुनाव के नतीजों के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक भाई वीरेंद्र के एक बयान ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।
PATNA: बिहार में एमएलसी चुनाव के नतीजों के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक भाई वीरेंद्र के एक बयान ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने दावा किया है कि बिहार में एक बार फिर 'खेला' होगा। इसके लिए उन्होंने लोगों से थोड़ा इंतजार करने की बात कही है। उनके इस बयान को बिहार की राजनीति में संभावित बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
दरअसल, पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान भाई वीरेंद्र से एमएलसी चुनाव में जेडीयू उम्मीदवारों की हार और पार्टी की ओर से समीक्षा कमेटी बनाए जाने को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव में किसने खेल किया है, यह सभी को पता है। उन्होंने नीतीश कुमार और निशांत कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि बिहार में फिर से राजनीतिक खेला होने वाला है।
भाई वीरेंद्र के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनका इशारा किस तरह के राजनीतिक बदलाव या घटनाक्रम की ओर है।
मनेर एनकाउंटर पर उठाए सवाल
वहीं, पटना के मनेर में हुए एनकाउंटर को लेकर भी राजद विधायक ने पुलिस और सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में मुस्लिम और यादव समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने मुठभेड़ की घटनाओं को गलत बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
जबरन मुकदमों में फंसाया जा रहा
इसके अलावा भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि लोगों को जबरन मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है और उन्हें जमानत मिलने में भी परेशानी हो रही है।
फिलहाल, भाई वीरेंद्र के 'फिर खेला होगा' वाले बयान ने बिहार की सियासत में अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है। अब देखना होगा कि उनके इस दावे के पीछे क्या राजनीतिक रणनीति है और आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति क्या नया मोड़ लेती है।
pranavpr