नवादा में साइबर अपराधियों का दुस्साहस! पुलिस टीम पर पथराव, दारोगा समेत 4 जवान घायल

बिहार के नवादा जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है।

नवादा में साइबर अपराधियों का दुस्साहस! पुलिस टीम पर पथराव, दारोगा समेत 4 जवान घायल
Image Slider
Image Slider
Image Slider

NAWADA: बिहार के नवादा जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सौरीपुर गांव में पुलिस टीम को कथित तौर पर बड़ी संख्या में लोगों ने घेर लिया और जमकर पथराव किया। इस हमले में एक दारोगा समेत चार पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

साइबर अपराध की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

जानकारी के अनुसार, बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि सौरीपुर गांव में कुछ लोग कथित तौर पर साइबर अपराध की गतिविधियों में शामिल हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम कार्रवाई करने गांव पहुंची थी। बताया जा रहा है कि मौके पर पुलिस बल की संख्या कम थी। इसी दौरान अचानक बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया।

इसके बाद भीड़ की ओर से पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया गया। अचानक हुए हमले से पुलिस टीम को संभलने का मौका नहीं मिला। इस दौरान एक दारोगा समेत चार जवानों के घायल होने की खबर है। साइबर डीएसपी शाहनवाज अख्तर ने एक पुलिस अधिकारी के घायल होने की पुष्टि की है।

अतिरिक्त पुलिस बल ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी सक्रिय हो गए। इसके बाद शाहपुर, वारिसलीगंज, काशीचक और नवादा की स्पेशल पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद इलाके में कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

प्रेस विज्ञप्ति से दी जाएगी विस्तृत जानकारी

साइबर डीएसपी शाहनवाज अख्तर ने बताया कि मामले की विस्तृत जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। अब सवाल यह है कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले लोगों की पहचान कब तक होती है और इस मामले में कितनी गिरफ्तारियां की जाती हैं।