‘सिल्क सिटी’ के संजय कुमार बने बिहार अंडर-23 टीम के फील्डिंग कोच, सुरखीकल में खुशी की लहर

भागलपुर के सुरखीकल की गलियों से निकला एक लड़का आज बिहार क्रिकेट की बड़ी जिम्मेदारी संभालने जा रहा है। भागलपुर के सुरखीकल निवासी संजय कुमार को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने मेंस अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी (प्लेट) के लिए बिहार टीम का फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। बीसीए ने प्रतियोगिता के शुरुआती दो मैचों के लिए 17 सदस्यीय टीम के साथ सपोर्ट स्टाफ की भी घोषणा की है।

‘सिल्क सिटी’ के संजय कुमार बने बिहार अंडर-23 टीम के फील्डिंग कोच, सुरखीकल में खुशी की लहर
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटनाः भागलपुर के सुरखीकल की गलियों से निकला एक लड़का आज बिहार क्रिकेट की बड़ी जिम्मेदारी संभालने जा रहा है। भागलपुर के सुरखीकल निवासी संजय कुमार को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने मेंस अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी (प्लेट) के लिए बिहार टीम का फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। बीसीए ने प्रतियोगिता के शुरुआती दो मैचों के लिए 17 सदस्यीय टीम के साथ सपोर्ट स्टाफ की भी घोषणा की है। टीम की कमान मधुबनी के आदित्य राज को सौंपी गई है, जबकि पृथ्वी राज उपकप्तान होंगे। कोचिंग स्टाफ में धीरज कुमार को हेड कोच, केशव कुमार को बैटिंग कोच एवं मैनेजर बनाया गया है। वहीं डॉ. रवि गोस्वामी फिजियो और अखिलेश शुक्ला ट्रेनर की भूमिका निभाएंगे। इसी टीम में फील्डिंग की अहम जिम्मेदारी संजय कुमार के कंधों पर होगी। 

फील्डिंग कोच क्यों है अहम भूमिका?

आज के क्रिकेट में मैच सिर्फ बल्ले और गेंद से नहीं, फील्डिंग से जीते जाते हैं। एक रन बचाना, एक डायरेक्ट हिट, एक कैच - यही मैच का रुख बदल देता है। अंडर-23 जैसे युवा स्तर पर फील्डिंग कोच की भूमिका और भी बड़ी हो जाती है। क्योंकि यहां खिलाड़ी सिर्फ तकनीक नहीं सीखते, बल्कि फिटनेस, तेजी, और मैदान पर सोचने की आदत भी सीखते हैं। संजय कुमार को इसी भरोसे के साथ ये जिम्मेदारी मिली है।

लंबा अनुभव, बड़ी पहचान

संजय कुमार क्रिकेट कोचिंग की दुनिया में कोई नया नाम नहीं हैं। उनके पास राज्य स्तर पर कोचिंग का लंबा और शानदार अनुभव है। इससे पहले उन्होंने सीनियर वनडे टीम के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में सहायक कोच के तौर पर अपनी सेवाएं दी थीं। उनकी इसी काबिलियत को देखते हुए बीसीसीआई की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) ने उन्हें लेवल-2 परीक्षा के प्रशिक्षण के लिए भी आमंत्रित किया था। खिलाड़ी के तौर पर भी संजय ने भागलपुर जिला क्रिकेट टीम और विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया है। वे विजी ट्रॉफी में पूर्वी क्षेत्र विश्वविद्यालय टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं।

मां और पत्नी - दो स्तंभ

संजय कुमार की इस सफलता के पीछे दो लोगों का सबसे बड़ा हाथ है। एनबीसी 24 न्यूज से खास बातचीत में भावुक होते हुए उन्होंने बताया कि उनकी मां का आशीर्वाद और उनकी पत्नी का सहयोग था जिसकी वजह से मुकाम हासिल हुआ। मां ने बचपन से ही बेटे के क्रिकेट के सपने को अपना सपना बना लिया। जब संसाधन कम थे, तब भी उन्होंने हिम्मत नहीं टूटने दी। घर की जिम्मेदारियों के बीच शादी के बाद पत्नी हर परिस्थति में साथ रहीं, वह हमेशा यही कहती है - "आप खेल पर ध्यान दीजिए, बाकी हम संभाल लेंगे।" और पत्नी ने इस सफर को आगे बढ़ाया। कोचिंग के लंबे टूर, देर रात की प्रैक्टिस, कमाई की अनिश्चितता - हर मोड़ पर पत्नी ने साथ खड़े रहकर हौसला दिया। घर संभालने से लेकर हर फैसले में साथ देने तक, उन्होंने संजय को कभी अकेला नहीं छोड़ा। संजय के लिए ये नियुक्ति सिर्फ एक पद नहीं है, बल्कि मां के आशीर्वाद और पत्नी के त्याग का फल है।

खेल के साथ काम का समावेश और अधिकारियों का सहयोग

कहते हैं कि आप जितना पूरव जाएंगे पश्चिम छूटता चला जाता है..लेकिन संजय ने खेल के साथ नौकरी के बीच ऐसा तालमेल बिठाया। संजय की नियुक्ति बिहार सरकार के निषेध, उत्पाद शुल्क एवं पंजीकरण विभाग में हुई। जहां उन्होंने खेल के साथ काम को भी मजे से किया। यही कारण है कि संजय की प्रतिनियुक्ति जब मुख्यमंत्री आवास कार्यालय में वर्ष 2011 में हुई तो वहां के तमाम अधिकारियों ने संजय को एक खिलाड़ी के रूप में सहयोग किया। संजय बताते हैं कि यदि अधिकारियों का सहकर्मियों का सहयोग नहीं होता तो शायद यह मुकाम नहीं मिलता। उन्होंने तहेदिल से सभी को धन्यवाद दिया। संजय यह भी मानते है कि देश में जिस तरह क्रिकेट के खेल ने भरपूर नाम कमाया है आज बदलते बिहार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की खेल के प्रति जो विजन है आने वाले दिन में बिहार वह मुकाम पूरी तरह हासिल करेगा। उन्होंने बिहार के खेल मंत्री की भी जमकर तारीफ की। 

भागलपुर में जश्न का माहौल

संजय कुमार के चयन की खबर मिलते ही भागलपुर जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों और स्थानीय खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। सुरखीकल में लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। युवा क्रिकेटरों के लिए संजय अब एक मिसाल बन गए हैं कि अगर मेहनत और धैर्य हो, तो भागलपुर जैसे शहर से भी बिहार टीम तक का सफर तय किया जा सकता है। 

आगे की राह

अब सबकी नजरें अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी पर हैं। बिहार की युवा टीम को अगर प्लेट में अच्छा करना है, तो फील्डिंग में संजय कुमार का अनुभव काम आएगा। भागलपुर को उम्मीद है कि संजय के मार्गदर्शन में बिहार के युवा खिलाड़ी फील्डिंग में नई पहचान बनाएंगे - और एक दिन यही लड़के टीम इंडिया तक पहुंचेंगे। पटना से कुमार गौतम की रिपोर्ट।