सासाराम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन, पेपर लीक और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ वामपंथी दलों का प्रदर्शन
बिहार के सासाराम में सोमवार को विभिन्न वामपंथी दलों के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सासाराम: बिहार के सासाराम में सोमवार को विभिन्न वामपंथी दलों के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने देश में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया।
यह प्रदर्शन पोस्ट ऑफिस चौराहा पर आयोजित किया गया, जिसमें सीपीएम, भाकपा (माले), सीआईएफएफ समेत कई वामपंथी संगठनों के कार्यकर्ता, छात्र, नौजवान और कामगार शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि देशभर में लगातार परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब छात्र और युवा इन मुद्दों को लेकर आवाज उठाते हैं तो उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाती है।
वामपंथी नेताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना की। उनका कहना था कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने के लिए दमनकारी रवैया अपना रही है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
dhananjaykumarroy