जहानाबाद में टाइगर मोबाइल जवान की स्मैकरों ने ले ली जान, चार आरोपी गिरफ्तार
बिहार के जहानाबाद में टाइगर मोबाइल के जवान धनेश्वर यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है।
JEHANABAD: बिहार के जहानाबाद में टाइगर मोबाइल के जवान धनेश्वर यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। शनिवार (7 नवंबर) को उनका शव काको थाना क्षेत्र के नदियावां गांव के पास दरधा नदी से बरामद किया गया। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, धनेश्वर यादव जहानाबाद नगर थाना में टाइगर मोबाइल जवान के रूप में तैनात थे। वह मूल रूप से आरा जिले के शुभकारनगंज के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार (5 नवंबर) की देर शाम वह नगर थाना क्षेत्र के एसएस कॉलेज इलाके में स्मैक तस्करों के खिलाफ छापेमारी करने निकले थे। इसी दौरान वह रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए। इसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
शनिवार को उनका शव दरधा नदी में मिलने की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। नदी से शव बरामद करने के साथ ही जवान की सरकारी पिस्टल, मोबाइल फोन और पर्स भी मिला है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मगध रेंज के आईजी विकास वैभव, एसपी कोटा किरण कुमार समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच की जानकारी ली।
एसपी कोटा किरण कुमार के अनुसार, इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने सूखे नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले की आगे की तस्वीर साफ होगी।
pranavpr