नवादा बॉर्डर पर 280 किलो गांजा जब्त! पंजाब नंबर मिनी कंटेनर से तस्कर गिरफ्तार
नवादा के रजौली स्थित बिहार-झारखंड सीमा पर चित्रकोली उत्पाद चेकपोस्ट से 279.870 किग्रा गांजा जब्त किया गया है। पंजाब नंबर मिनी कंटेनर से लुधियाना के दो तस्कर गिरफ्तार।
नवादा। मादक पदार्थों की अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ नवादा पुलिस और उत्पाद विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के रजौली स्थित बिहार-झारखंड सीमा के चित्रकोली उत्पाद चेकपोस्ट पर मंगलवार को वाहन जांच के दौरान एक 407 मिनी कंटेनर से करीब 279.870 किलोग्राम (लगभग 2.8 क्विंटल) गांजा बरामद किया गया। उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारी अमृत कुमार गुप्ता की तत्परता और सख्त चेकिंग के चलते तस्करी की यह बड़ी कोशिश नाकाम हो गई।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में इलेक्ट्रॉनिक कांटे से हुआ वजन
मिली जानकारी के अनुसार, रजौली अंचल अधिकारी (CO) सह दंडाधिकारी गुरफान मजहरी की उपस्थिति में पंजाब नंबर (PB-10FF-8369) के 407 मिनी कंटेनर की गहन तलाशी ली गई। गाड़ी के भीतर छिपाकर रखी गई गांजे की खेप को बाहर निकालकर इलेक्ट्रॉनिक कांटे से विधिसम्मत वजन कराया गया, जिसमें कुल 279.870 किलोग्राम गांजा पाया गया। इसके बाद उत्पाद विभाग ने गांजा और कंटेनर दोनों को जब्त कर लिया।
पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार, हजारीबाग से जुड़ा तार:
कार्रवाई के दौरान मौके से वाहन चालक अरविंद कुमार (29 वर्ष) और सह-चालक राजेंद्र कुमार (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी मोती नगर, वार्ड संख्या-16, लुधियाना (पंजाब) के रहने वाले हैं। शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गांजे की यह बड़ी खेप झारखंड के हजारीबाग से लोड की गई थी और इसे पंजाब ले जाया जा रहा था।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की सख्त धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हजारीबाग में गांजा किसने सप्लाई किया था और पंजाब में इसे किसे डिलीवर किया जाना था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिहार-झारखंड सीमा तस्करों के लिहाज से बेहद संवेदनशील है, इसलिए चित्रकोली चेकपोस्ट पर 24 घंटे सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।